कोरबा में मजदूरों से भरी पिकअप पेड़ से टकराई; 9 घायल, 3 महिलाओं की हालत नाजुक!…

कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री जा रहे मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में 9 मजदूर लहूलुहान हो गए, जिनमें से 3 महिला मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
मौत की रफ्तार और ओवरलोडिंग का खेल – जानकारी के मुताबिक, रजगामार के दरगा गांव से 12 से अधिक मजदूर सुबह करीब 8 बजे पिकअप में सवार होकर मजदूरी के लिए निकले थे। जैसे ही वाहन बनखेता गांव के पास पहुंचा, रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक का नियंत्रण खो गया। पिकअप पलटते हुए सीधे पेड़ में जा घुसी।
घायल मजदूर सविता की जुबानी : “हम सुबह रोज की तरह काम पर निकले थे। ड्राइवर गाड़ी बहुत तेज चला रहा था, अचानक गाड़ी लहराई और पलट गई। हमें संभलने तक का मौका नहीं मिला।”
देवदूत बने राहगीर और ग्रामीण – हादसे के बाद मंजर खौफनाक था। मजदूर पिकअप के नीचे दबे हुए थे और मदद के लिए तड़प रहे थे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर ‘देवदूत’ बनकर दौड़े। लोगों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए भारी-भरकम पिकअप को सीधा किया और नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
इन तीन महिलाओं की हालत गंभीर – अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन महिला मजदूरों की पहचान उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी (सभी निवासी दरगा) के रूप में हुई है। डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है, जबकि बाकी घायल मजदूरों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बड़ा सवाल : चंद रुपयों के लिए मजदूरों की जिंदगी से खिलवाड़ कब तक? – इस हादसे ने एक बार फिर ठेकेदारों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। गोढ़ी की कार्बन फैक्ट्री में आसपास के गांवों से सैकड़ों मजदूर आते हैं।
- नियमों की धज्जियां : ठेकेदार ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में मालवाहक पिकअप में क्षमता से दोगुने मजदूर ठूंस-ठूंस कर भरते हैं।
- कोई डर नहीं : तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग का यह जानलेवा कॉम्बिनेशन सड़कों पर सरेआम दौड़ रहा है, लेकिन परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।
पुलिस एक्शन में, जांच शुरू –
“सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।”
लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP)
ब्यूरो रिपोर्ट, कोरबा।




