पत्थलगांव में स्कार्पियो के नाम पर महाठगी: किश्तें डकारीं, दूसरे की गाड़ी कर दी गिरवी, अब मांगने पर मिल रही मारपीट की धमकी!… एसएसपी से गुहार… क्या अब होगी कार्यवाही…

जशपुर। रायगढ़ जिले के निवासी के साथ जशपुर में वाहन बिक्री के नाम पर एक बड़े फर्जीवाड़े और दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ित पक्ष ने अब जशपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) को लिखित शिकायत सौंपी है। यह मामला न केवल धोखाधड़ी का है, बल्कि इसमें रंगदारी और पुलिस की सुस्ती भी उजागर हो रही है।

क्या है पूरा मामला? -शिकायत पत्र के अनुसार, यह पूरी घटना एक स्कार्पियो वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर- CG15DH7691) की बिक्री से जुड़ी है।
- वाहन के मालिक महेंद्र कुमार होता (निवासी चौंरगा, तहसील लैलूंगा, जिला रायगढ़) ने पैसों की आवश्यकता के चलते अपनी स्कार्पियो गाड़ी हेमंत कुमार ठाकुर (निवासी पालेडिह, तहसील पत्थलगांव, जिला जशपुर) को बेचने का सौदा किया था।
- यह सौदा कुल 7,26,000 रुपये में तय हुआ था।
- क्रेता हेमंत ने एडवांस के तौर पर 65,000 रुपये नकद दिए और शेष 6,56,000 रुपये चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी की किस्तों के रूप में चुकाने का इकरार किया, जिसके बाद गाड़ी उसे सौंप दी गई थी।
शुरू हुआ धोखाधड़ी का खेल – गाड़ी मिलने के बाद आरोपियों ने अपनी असली रंगत दिखानी शुरू कर दी।
- हेमंत ठाकुर ने फाइनेंस कंपनी की किस्तें जमा करना बंद कर दिया, जिससे वाहन के मूल मालिक महेंद्र कुमार को भुगतान करना पड़ रहा है और उनका सिबिल (CIBIL) स्कोर भी खराब हो चुका है।
- जब किस्तों के भुगतान के लिए कहा जाता है, तो हेमंत ठाकुर और एक अन्य व्यक्ति, दिनेश राठी, एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टाल देते हैं और गाड़ी वापस करने से भी इनकार कर रहे हैं।
- आरोपियों ने जानबूझकर अब तक वाहन का नाम भी अपने ऊपर ट्रांसफर नहीं कराया है।
पैसों की ठगी और गाड़ी कर दी गिरवी! – मामला सिर्फ किस्तें न चुकाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें गहरी साजिश रची गई है।
- शिकायत के अनुसार, दिनेश राठी ने किस्त के नाम पर शुरुआत में 80,000 रुपये और फिर पीड़ित के मित्र से 88,000 रुपये यह कहकर ले लिए कि कुछ दिन में वापस कर देगा, लेकिन आज तक पैसे नहीं लौटाए।
- हैरतअंगेज बात यह है कि पैसा अदा न कर पाने की स्थिति में दिनेश राठी ने महेंद्र कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड इस गाड़ी को गैर-कानूनी तरीके से किसी और के पास गिरवी रख दिया है।
गुंडागर्दी : गाड़ी वापस मांगने पर मिल रही धमकी – जब पीड़ित ने अपनी गाड़ी वापस मांगनी चाही, तो लुड़ेग निवासी लक्ष्मीनारायण यादव द्वारा फोन पर उन्हें खुलेआम मार-पीट की धमकियां दी जा रही हैं। एक तरफ पीड़ित की लाखों की गाड़ी और पैसा फंस गया है, और दूसरी तरफ उसे खौफ के साये में जीने को मजबूर किया जा रहा है।
पत्थलगांव पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल – इस मामले का सबसे निराशाजनक पहलू स्थानीय पुलिस का रवैया है।
- आवेदक का आरोप है कि इस पूरी घटना की लिखित शिकायत 2 महीने पहले पत्थलगांव थाना प्रभारी को सौंप दी गई थी।
- परंतु, पुलिस द्वारा अब तक कोई भी उचित कार्यवाही नहीं की गई है।
आखिरकार न्याय की आस में 29 जून 2026 को आवेदक अंशु कुमार होता ने जशपुर के पुलिस अधीक्षक से हेमंत ठाकुर, दिनेश राठी एवं लक्ष्मीनारायण यादव के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही करने और वाहन स्वामी को गाड़ी वापस दिलाने का निवेदन किया है।
अब देखना यह है कि एसपी महोदय के दरबार में इस शिकायत के पहुंचने के बाद जशपुर पुलिस कोई ठोस कदम उठाती है, या फिर ठगों और दबंगों के हौसले यूं ही बुलंद रहते हैं!
पूर्व में प्रकाशित खबर :




