रायपुर

‘मैं नितिन नवीन का PA बोल रहा हूँ…’ और ठगे गए BJP विधायक पुरंदर मिश्रा! पुलिस ने ओडिशा से दबोचा शातिर ‘नटवरलाल’…

रायपुर। आम आदमी तो दूर, अब छत्तीसगढ़ में रसूखदार नेता और विधायक भी साइबर ठगों के आसान शिकार बन रहे हैं। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को एक शातिर ठग ने अपना शिकार बना लिया। ठग ने खुद को सीधे भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का PA बताकर विधायक की जेब ढीली कर दी। हालांकि, ज्यादा लालच के चक्कर में यह ‘नटवरलाल’ अब रायपुर पुलिस की गिरफ्त में है।

कैसे बुना गया ठगी का हाई-प्रोफाइल जाल? –

  • रसूख का वास्ता : शातिर ठग ने विधायक पुरंदर मिश्रा को कॉल किया और खुद को भाजपा नेता नितिन नवीन का पर्सनल असिस्टेंट (PA) बताया।
  • फर्जी प्रोफाइल का खेल : भरोसा जीतने के लिए उसने अपने सोशल मीडिया पर नितिन नवीन सहित कई दिग्गज भाजपा नेताओं के साथ अपनी (एडिटेड/फर्जी) तस्वीरें लगा रखी थीं।
  • इमोशनल ड्रामा : ठग ने कहानी रची कि वह भुवनेश्वर जा रहा है, रास्ते में ड्राइवर से विवाद हो गया है और वह बीच सड़क पर फंस गया है। उसने डीजल भरवाने और इमरजेंसी बताकर महज 4,500 रुपये की ‘मदद’ मांगी।
  • विधायक का दिल पसीजा : परेशानी की बात सुनकर विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए तुरंत 10 हजार रुपये उस ठग के खाते में ट्रांसफर करवा दिए।

ऐसे हुआ भंडाफोड़ : ओवर-कॉन्फिडेंस ने डुबोया! – कहावत है कि ‘लालच बुरी बला है’। 10 हजार रुपये आसानी से मिलने के बाद ठग का हौसला बढ़ गया। महज डेढ़ घंटे बाद उसने फिर से पैसों की डिमांड कर दी।

यहीं विधायक पुरंदर मिश्रा का माथा ठनका। उन्होंने दिमाग लगाया कि रायपुर से भुवनेश्वर का सफर काफी लंबा है, इतनी जल्दी वहां पहुंचकर दोबारा पैसे मांगना बेहद संदिग्ध है। शक होते ही उन्होंने सीधे नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क किया। वहां से जो जवाब मिला, उसने विधायक के होश उड़ा दिए – “इस नाम का कोई व्यक्ति हमारे कार्यालय में काम ही नहीं करता!”

एक्शन में पुलिस, ओडिशा से दबोचा गया आरोपी – ठगी का अहसास होते ही खम्हारडीह थाने में तुरंत FIR दर्ज कराई गई। मामला सत्ताधारी दल के विधायक से जुड़ा था, इसलिए पुलिस महकमा फौरन हरकत में आया।

  • तकनीकी जांच : मोबाइल नंबर, बैंक डिटेल्स और साइबर साक्ष्यों के आधार पर लोकेशन ट्रेस की गई।
  • ऑपरेशन ओडिशा : लोकेशन ओडिशा में मिलते ही रायपुर पुलिस की टीम ने वहां दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा।
  • ​पुलिस अब आरोपी को रायपुर ला रही है। पूछताछ में यह खुलासा होने की उम्मीद है कि इस शातिर ने और कितने रसूखदारों को अपना शिकार बनाया है।

‘नेताओं के बुरे दिन?’ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भी हो चुके हैं शिकार – राजधानी में माननीयों के साथ हो रही वारदातें कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही हैं।

  • ​अभी हाल ही में देवेंद्र नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से सरेआम मोबाइल लूट लिया गया था। हालांकि, उस मामले में पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए 8 घंटे के भीतर लुटेरे को पकड़ लिया था।

विधायक की जनता से अपील : खुद ठगी का शिकार होने के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने जनता को सतर्क रहने की नसीहत दी है। उन्होंने अपील की है कि अनजान नंबर से इमरजेंसी या पैसे मांगने वालों पर तुरंत भरोसा न करें। पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति को सीधे कॉल करके 100% वेरिफिकेशन जरूर कर लें।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!