तमनार पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक; ‘अपना ढाबा- गारे’ में दबिश देकर 160 लीटर डीजल जब्त, संचालक गिरफ्तार…

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े तेवरों ने जिले के अवैध कारोबारियों की नींद उड़ा दी है। “जनसुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं” के मूलमंत्र के साथ रायगढ़ पुलिस ने तमनार क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गारे स्थित ‘अपना ढाबा’ में रेड मारकर मौत के सामान (अवैध डीजल) का जखीरा बरामद किया है।
ढाबे की आड़ में ‘खतरनाक’ खेल : सूचना मिली थी कि ग्राम गारे में स्थित ‘अपना ढाबा’ का संचालक दिलहरण कश्यप ढाबे के पीछे अवैध रूप से भारी मात्रा में ज्वलनशील डीजल छिपाकर बेच रहा है। बिना किसी सुरक्षा मानकों के, सार्वजनिक स्थल पर इस तरह डीजल का भंडारण किसी बड़े विस्फ़ोट या तबाही को दावत दे रहा था।
एक्शन मोड में तमनार पुलिस : SDOP धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के नेतृत्व और थाना प्रभारी प्रशांत राव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जब मौके पर घेराबंदी की, तो ढाबा संचालक के होश उड़ गए। जांच में पुलिस को ढाबे के पीछे से 160 लीटर डीजल मिला, जिसे प्लास्टिक के जरीकेनों में भरकर रखा गया था। जब्त डीजल की बाजार कीमत लगभग 16,000 रुपये आंकी गई है।
बीएनएस और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई – पुलिस ने आरोपी दिलहरण कश्यप (46 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ :
- भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 (लापरवाहीपूर्ण आचरण)
- आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी की दो टूक : “बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी” –
“सार्वजनिक स्थानों पर ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। यह सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि लोगों की जान से खिलवाड़ है। ऐसे हर अपराधी के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस का प्रहार जारी रहेगा।”
शशि मोहन सिंह (SSP, रायगढ़)
टीम की सफलता:
इस सफल रेड में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार और रंजीत भगत की अहम भूमिका रही।




