रायगढ़ पुलिस का ‘हंटर’ : शादी का झांसा देकर आबरू लूटने वाला ‘सूरज’ गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुँचा आरोपी…

रायगढ़। महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह का ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान रंग ला रहा है। शादी का सब्जबाग दिखाकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू को महिला थाना पुलिस ने सरिया (सारंगढ़-बिलाईगढ़) में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी ‘साजिश’ की कहानी – मामला आधुनिक युग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से जुड़ा है। पीड़िता (29 वर्ष) की पहचान अप्रैल 2024 में सरिया निवासी सूरज साहू से हुई थी। धीरे-धीरे बातों का सिलसिला बढ़ा और आरोपी ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
जान से मारने की धमकी और शोषण – दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने 20 अक्टूबर 2025 को युवती के घर में घुसकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो उसने जान से मारने की धमकी देकर उसका मुंह बंद करा दिया। इसके बाद भी आरोपी की दरिंदगी नहीं रुकी; वह नवंबर 2025 में युवती को रायपुर ले गया और वहां भी दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
जब शादी से मुकरा, तो खुली पोल – पीड़िता लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। हद तो तब हो गई जब 05 मार्च 2026 को आरोपी ने युवती को सरिया के बाजार चौक बुलाया और सरेआम शादी करने से साफ इनकार कर दिया। धोखे से टूटी युवती ने हिम्मत दिखाई और महिला थाने में न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस की ‘बिजली’ जैसी कार्रवाई – एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त की टीम ने तत्काल हरकत में आते हुए आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की।
- धाराएं : भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) और 69 के तहत मामला दर्ज।
- बरामदगी : घटना में इस्तेमाल किया गया ‘पोको’ मोबाइल फोन जब्त।
- टीम : एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत और राजेश उरांव की अहम भूमिका।
“महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हमारी प्राथमिकता त्वरित कार्रवाई और न्याय सुनिश्चित करना है।” – शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़




