रायगढ़ पुलिस की ‘सुपर’ मुस्तैदी : आधी रात को टली PNB की बड़ी डकैती, खाकी की आहट सुन दुम दबाकर भागे लुटेरे…

रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस की पैनी नजर और बिजली जैसी फुर्ती ने बैंक लूट की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) पटेलपाली को निशाना बनाने आए शातिर लुटेरे पुलिस की सक्रियता के आगे घुटने टेकने पर मजबूर हो गए। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस शानदार सफलता पर पूरी टीम के लिए नगद पुरस्कार का ऐलान किया है।
आधी रात का सन्नाटा और पुलिस की ‘तीसरी आँख’ – घटना उस वक्त की है जब जूटमिल पुलिस की टीम रूटीन रात्रि गश्त पर थी। आरक्षक परमानंद पटेल और समीर बेक जब निजी वाहन से कोड़ातराई की ओर जा रहे थे, तभी पटेलपाली स्थित PNB के पास उनकी नजर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन पर पड़ी। बैंक की लाइटें बंद थीं, लेकिन जवानों की अनुभवी नजरों ने खतरे को भांप लिया।
पलक झपकते ही एक्शन, बाल-बाल बची बैंक की तिजोरी : जैसे ही दोनों जांबाज आरक्षक बैंक की ओर मुड़े, पुलिस को आता देख वाहन चालक ने गाड़ी स्टार्ट कर दी। उसी पल बैंक के भीतर से एक आरोपी भागते हुए निकला और कार में सवार होकर शहर की ओर रफूचक्कर हो गया। जवानों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह और प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी को वायरलेस पर सूचना दी।
वारदात की भयावहता : निरीक्षक अभिनवकांत सिंह तत्काल भारी पुलिस बल और रायफल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में जो सामने आया वह चौंकाने वाला था :
- लुटेरों ने बैंक का चैनल गेट तोड़ दिया था।
- सबूत मिटाने के लिए बैंक के दो DVR निकाल लिए गए थे।
- बाहरी CCTV कैमरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
- आरोपी बैंक के चेस्ट और लॉकर की दीवार तोड़ने की कोशिश कर रहे थे।
अलर्ट मोड पर पूरी जिला पुलिस – सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उप निरीक्षक संजय नाग और भारी पुलिस बल ने इलाके की घेराबंदी कर दी। हालांकि, पुलिस के क्विक रिस्पॉन्स के कारण आरोपी अपने मंसूबों में नाकाम रहे और बैंक की संपत्ति सुरक्षित रही।
“जूटमिल पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ ने आज एक बड़ी आपराधिक घटना को रोक दिया है। यह हमारी कम्युनिटी पुलिसिंग और गश्त की सफलता है। पूरी टीम को उनके साहस के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।”
श्री शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़




