जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ : ₹40 लाख के गांजे के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार, ‘लेडी डॉन’ के इशारे पर चल रहा था नशे का कारोबार!…

जशपुर (तपकरा)। पुलिस ने नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने उड़ीसा से बिहार जा रही एक लग्जरी वरना कार को लावाकेरा बॉर्डर पर दबोच लिया। कार की डिक्की में छिपाकर रखा गया 67 किलो 135 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹33.55 लाख बताई जा रही है।
‘लेडी डॉन’ का मास्टरमाइंड गेम : पुलिस की रडार पर संदिग्ध महिला – इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा ‘लेडी डॉन’ के कनेक्शन को लेकर हुआ है। गिरफ्तार आरोपी सुमन कुमार हिमांशु (निवासी वैशाली, बिहार) ने कुबूल किया है कि वह हाजीपुर (बिहार) की एक शातिर महिला के इशारे पर काम कर रहा था।
- चक्रव्यूह : संदिग्ध महिला खुद आरोपी के साथ उड़ीसा के संबलपुर तक आई थी।
- चालाकी : पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए महिला उड़ीसा की सीमा में ही कार से उतर गई और आरोपी को अकेले ही गांजे की खेप लेकर पटना जाने का निर्देश दिया।
- पुलिस की घेराबंदी : जशपुर पुलिस ने इस मास्टरमाइंड महिला को चिन्हित कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही हैं, जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगी।
लग्जरी कार बनी ‘स्लगलर एक्सप्रेस’, स्टेपनी की जगह भरा था नशा – तस्करों ने नशे की खेप छिपाने के लिए शातिर तरीका अपनाया था। सिल्वर रंग की हुंडई वरना कार (DL-8C-AX-8014) की डिक्की में जहाँ स्टेपनी रखी जाती है, वहाँ 65 पैकेटों में भरकर गांजा ठूंस दिया गया था। पुलिस ने कार (कीमत ₹6.50 लाख), दो मोबाइल और गांजे सहित कुल ₹40 लाख की संपत्ति कुर्क की है।
तपकरा पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक : एएसपी राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक और उनकी टीम ने लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी कर इस बड़ी साजिश को नाकाम किया। आरोपी को NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
“जशपुर पुलिस का संदेश साफ है – नशे के सौदागरों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। हम न केवल तस्करों को पकड़ रहे हैं, बल्कि इस काले धंधे के पीछे के असली मास्टरमाइंड्स तक भी पहुँच रहे हैं।”
डॉ. लाल उमेद सिंह, डीआईजी एवं एसएसपी, जशपुर
इन जांबाजों ने दिखाया पराक्रम : इस कार्रवाई में निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक, एएसआई राम जी साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय लकड़ा, प्रकाश वाजपेयी, आरक्षक अमित त्रिपाठी, धीरेंद्र मधुकर, सागर नायक, महिला आरक्षक मंजू यादव और नगर सैनिक डमरूधर यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




