रायगढ़

‘ऑपरेशन आघात’ से दहला नशा कारोबार : रायगढ़ पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दबोचे 3 तस्कर…

रायगढ़। नशे के सौदागरों के खिलाफ एसएसपी शशि मोहन सिंह का ‘हंटर’ लगातार चल रहा है। “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास उड़ीसा से गांजा लाकर खपाने की फिराक में लगे तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जो पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ढाल के रूप में इस्तेमाल की जा रही थीं।

मुखबिर की सटीक सूचना और घेराबंदी : कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज और साइबर सेल की संयुक्त टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि किरोड़ीमल नगर स्टेशन के पास संदिग्ध हालत में दो महिलाएं और एक पुरुष भारी मात्रा में गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और घेराबंदी कर तीनों संदेहियों को धर दबोचा।

7 किलो गांजा और नकदी बरामद : तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद बैगों से 7.110 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 70,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ ही आरोपियों के पास से 4,000 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण :

  • सोनी चौहान (35 वर्ष) – भूपदेवपुर, रायगढ़।
  • सुमन यादव (30 वर्ष) – सिटी कोतवाली, कोरबा।
  • वासुदेव साहू (25 वर्ष) – नगरदा, सक्ती। (वर्तमान में तीनों जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में किराए के मकान में रहकर तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे)

“युवाओं की रगों में जहर घोलने वाले तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ‘ऑपरेशन आघात’ तब तक जारी रहेगा जब तक जिले से नशे का नामोनिशान नहीं मिट जाता।”

शशि मोहन सिंह (SSP, रायगढ़)

उड़ीसा कनेक्शन और सख्त कार्रवाई : पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी 19 फरवरी को उड़ीसा से गांजा की खेप लेकर आए थे। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!