रायगढ़ में अपराधियों की खैर नहीं: SSP शशि मोहन सिंह का सख्त अल्टीमेटम – ‘लापरवाही मिली तो नपेंगे थाना प्रभारी’…

रायगढ़ | रायगढ़ पुलिस अब ‘जीरो टॉलरेंस’ के साथ एक्शन मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक में दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे का कारोबार पूरी तरह बंद होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस भी थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियां पाई गईं, वहां के थाना प्रभारी की जवाबदेही तय कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
‘ऑपरेशन शंखनाद’ और ‘आघात’ से थर्राएंगे अपराधी : बैठक में SSP ने साफ निर्देश दिए कि “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौवंश तस्करी और “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों व अवैध शराब के विरुद्ध आर-पार की जंग लड़ी जाए। होली के त्योहार को देखते हुए हुड़दंगियों और पुराने बदमाशों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
लंबित केसों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ : SSP ने विवेचना की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि मारपीट, जुआ और आबकारी जैसे सामान्य मामलों का निपटारा 7 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट या पटवारी नक्शा जैसे बहानों से फाइलें अब नहीं रुकेंगी।
हाईटेक पुलिसिंग: ऐप से होगी निगरानी – रायगढ़ पुलिस अब तकनीक के जरिए अपराधियों पर नकेल कसेगी:
- सशक्त ऐप : चोरी के वाहनों को ट्रेस करने के लिए।
- त्रिनयन ऐप : शहर के सीसीटीवी कैमरों की तीसरी आंख से होगी निगरानी।
- साइबर प्रहरी : बीट स्तर पर नागरिकों को जोड़कर सूचना तंत्र को मजबूत करना।
- अनुभव गूगल फॉर्म : थाने आने वाले पीड़ितों से सीधा फीडबैक लिया जाएगा।
सड़कों पर ‘विजुअल पुलिसिंग’ का पहरा : सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एसएसपी ने कड़े निर्देश दिए हैं। अब सड़कों पर ड्रिंक एंड ड्राइव और तीन सवारी चलने वालों पर पुलिस का शिकंजा और कसने वाला है। ‘विजुअल पुलिसिंग’ के जरिए पुलिस की मौजूदगी हर चौक-चौराहों पर प्रभावी रूप से दिखेगी।
“रायगढ़ पुलिस का एक ही लक्ष्य है – अपराध मुक्त जिला। बीट सिस्टम को इतना मजबूत करें कि हर छोटी-बड़ी गतिविधि की खबर पुलिस तक तुरंत पहुंचे।”
शशि मोहन सिंह, SSP रायगढ़




