रायगढ़

“ऑपरेशन शंखनाद” : लैलूंगा पुलिस का तस्करों पर ‘वज्रपात’, 16 गौवंश मुक्त, तस्कर गिरफ्तार!…

रायगढ़। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर मवेशी तस्करों के खिलाफ एसएसपी शशि मोहन सिंह का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ काल बन कर टूट रहा है। लैलूंगा पुलिस ने एक बड़ी घेराबंदी करते हुए ओडिशा के बूचड़खानों में क्रूरता पूर्वक ले जाए जा रहे 16 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को दबोच लिया है, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।

आधी रात को हाई-वोल्टेज घेराबंदी : मंगलवार की शाम लैलूंगा पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि तस्करों का एक गिरोह आमापाली-झगरपुर मार्ग से होते हुए मवेशियों को खदेड़कर ओडिशा की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गिरधारी साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम झगरपुर के पास जाल बिछाया। जैसे ही तस्कर मवेशियों को लेकर मुख्य मार्ग पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया।

तस्कर देवानंद गिरफ्तार, रब्बुल खान की तलाश जारी : पुलिस की गिरफ्त में आए तस्कर देवानंद यादव (32 वर्ष) ने पूछताछ में कबूल किया कि वह रब्बुल खान नामक तस्कर के साथ मिलकर इन मवेशियों को ओडिशा के बूचड़खानों में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने देवानंद को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं फरार आरोपी रब्बुल खान की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

गौशाला भेजे गए मवेशी, मेडिकल चेकअप जारी : पुलिस ने बरामद सभी 16 गौवंशों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया है। बेजुबानों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें सलखिया गौशाला भेजा गया है, जहाँ उनके चारा-पानी की समुचित व्यवस्था की गई है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

“जिले में एक भी गौवंश की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत तस्करों का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा। तस्कर या तो सुधर जाएं या जेल जाने को तैयार रहें।”

शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़

टीम की बड़ी कामयाबी : इस सफल कार्यवाही में लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साहू, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, आरक्षक चमरसाय और संताराम यादव की अहम भूमिका रही।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!