रायगढ़ में ‘मजनू’ गिरोह का आतंक : कार सवार युवतियों का पीछा कर फिल्मी स्टाइल में घेरा; SSP के एक्शन से हड़कंप…

रायगढ़। शहर की सड़कों पर महिला सुरक्षा को चुनौती देने वाले शोहदों को एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा सबक सिखाना शुरू कर दिया है। चांदमारी रोड पर दो युवतियों के साथ ‘फिल्मी स्टाइल’ में छेड़खानी करने वाले रईसजादों के खिलाफ पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। एक आरोपी को दबोच कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस रात-दिन छापेमारी कर रही है।
बिस्किट खिला रही युवतियों से ‘विलेन’ जैसा बर्ताव : घटना 9 फरवरी की रात की है। दो बहनें जब चांदमारी रोड पर बेजुबान कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं, तभी नीले रंग की ग्रैंड विटारा (CG13 AW 2410) में सवार पांच युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले अश्लील टिप्पणियां कीं और जब युवतियों ने वहां से निकलने की कोशिश की, तो आरोपियों ने शिकार की तरह उनका पीछा किया।
बीच सड़क पर अड़ाई कार, दी दबंगई की धमकी : दहशत का आलम तब बढ़ गया जब आरोपियों ने रियापारा तिराहा के पास युवतियों की कार को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। कार से उतरकर प्रदीप पटेल नामक युवक ने सरेराह बदतमीजी की, जबकि उसके साथी कार के अंदर से भद्दे इशारे करते रहे।
SSP का ‘हंटर’ चला : दबिश, गिरफ्तारी और जेल –मामला जैसे ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया, उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए महिला थाना को तत्काल एक्शन के निर्देश दिए।
- बड़ी कामयाबी : मुख्य आरोपी प्रदीप पटेल के घर के सामने से घटना में प्रयुक्त कार जप्त की गई।
- पहली गिरफ्तारी : पुलिस ने घेराबंदी कर नरेन्द्र महावर (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
- कबूलनामा : आरोपी ने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता और संगम त्रिपाठी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
“महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वाले सुधर जाएं या फिर जेल जाने को तैयार रहें। रायगढ़ की सड़कों पर गुंडागर्दी और छेड़खानी के लिए कोई जगह नहीं है।” शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़
फरार आरोपियों की उल्टी गिनती शुरू : फिलहाल मुख्य आरोपी प्रदीप पटेल समेत चार अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस की विशेष टीमें सतीगुड़ी चौक और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस त्वरित कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर और उनकी टीम ने साहसी भूमिका निभाई है।




