रायगढ़ पुलिस का ‘हंटर’ : वनकर्मियों से बदसलूकी और गुंडागर्दी करने वाले 5 आरोपी पहुंचे जेल…

रायगढ़। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और शासकीय सेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। ताजा मामले में घरघोड़ा पुलिस ने ऑन-ड्यूटी वनपाल से मारपीट करने और अवैध कटाई पर विवाद करने वाले कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
केस 1: जेल से छूटते ही वनपाल पर हमला, फिर सलाखों के पीछे – तमनार वन परिक्षेत्र के केराखोल में पदस्थ वनपाल गोपी सिंह राठिया के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। प्रार्थी के अनुसार, जब वे 3 फरवरी को लैंड बैंक सर्वे कर रहे थे, तभी आरोपी बीरसिंह मांझी और जयकुमार मांझी वहां पहुंचे। ये दोनों पूर्व में भी वन विभाग के मामलों में जेल जा चुके थे।
जमानत पर बाहर आते ही आरोपियों ने पुरानी रंजिश निकालते हुए न केवल शासकीय कार्य में बाधा डाली, बल्कि वनपाल को गाली-गलौज कर डंडे से पीटने की कोशिश की। घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
केस 2: अवैध कटाई पर पुलिस से उलझना पड़ा भारी : दूसरी कार्रवाई ग्राम खोखरोआमा में हुई। यहां निजी भूमि पर प्रतिबंधित पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम पहुंची, तो प्रेमचंद राजपूत, संतोष कुमार राजपूत और राजेश राजपूत पुलिस से ही उलझ गए। लोकशांति भंग करने और समझाइश के बावजूद विवाद करने पर पुलिस ने BNSS की धारा 170 के तहत उन्हें गिरफ्तार किया और एसडीएम न्यायालय के आदेश पर सीधे जेल भेज दिया।
एसएसपी का कड़ा संदेश: “गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है:
“जिले में कहीं भी गुंडागर्दी या मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों और शांति भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस तत्काल और कठोरतम कार्रवाई करेगी।”




