अंबिकापुर

जमीन विवाद में खूनी खेल: नाती ने ईंट से वार कर नानी को उतारा मौत के घाट, लुण्ड्रा पुलिस ने आरोपी को दबोचा…

सरगुजा (लुण्ड्रा): रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र से सामने आई है। यहाँ महज जमीन के हिस्से को लेकर हुए विवाद में एक नाती ने अपनी ही सगी नानी की ईंट मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

विवाद की जड़ : ‘तुम्हें जमीन नहीं दूंगी’ -पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम राता परसापारा निवासी सुन्दरिया बाई और उसके नाती बाबूलाल किण्डो (22 वर्ष) के बीच जमीन को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन सुन्दरिया बाई ने बाबूलाल से कहा कि वह जमीन बड़े भाई को देगी, उसे नहीं। इस बात से आक्रोशित होकर बाबूलाल ने आवेश में आकर अपनी नानी के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिए और घर में रखी पेटी से भी हमला किया, जिससे वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा : ​प्रार्थी किशुन केरकेट्टा जब अंबिकापुर से वापस लौटा, तो उसे घटना की जानकारी मिली। गांव के सरपंच और अन्य लोगों की मौजूदगी में जब आरोपी बाबूलाल से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर लुण्ड्रा पुलिस ने धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की त्वरित कार्यवाही : ​थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर:

  • ​हत्या में प्रयुक्त आलाजरब (ईंट) बरामद किया।
  • ​घटना के समय आरोपी द्वारा पहनी गई खून से सनी टी-शर्ट जब्त की।

न्यायालय में पेशी : आरोपी बाबूलाल किण्डो को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल के साथ महिला आरक्षक प्रेमा मरावी, आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान और सतीश कुमार की अहम भूमिका रही।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!