बालोद

चोरी हुआ 14 चक्का ट्रक राजहरा पुलिस ने किया बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद/राजहरा। जिले की राजहरा पुलिस ने मुस्तैदी और आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों का उत्कृष्ट उपयोग करते हुए 14 चक्का भारी वाहन (ट्रक) चोरी करने वाले एक शातिर अंतरजिला आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पूर्व में भी कई जिलों में चोरी और नकबजनी जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम दे चुका है। यह पूरी कार्रवाई बालोद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के कुशल नेतृत्व का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जब से एसपी किरण चव्हाण ने जिले की कमान संभाली है, बालोद पुलिस अपराधियों पर काल बनकर टूट रही है। उनके पदार्पण के बाद से ही जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ हुई है और लगातार शातिर अपराधियों, चोरों तथा अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील तिर्की के सजग निरीक्षण और राजहरा पुलिस टीम की त्वरित कार्यशैली की सर्वत्र सराहना हो रही है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि घटना 21 अगस्त 2026 की दरमियानी रात लगभग 02:30 बजे की है। वार्ड क्रमांक 27, पुराना गुरुद्वारा राजहरा के सामने खड़ा 14 चक्का ट्रक (क्रमांक सीजी 07 सीएस 8090) अचानक गायब हो गया था। ट्रक के चालक योगेश सांगे ने 20 अगस्त की रात वाहन को खड़ा किया और अपने घर चला गया था।

अगली सुबह वाहन गायब मिलने पर प्रार्थी अक्षय कुमार मंडले की शिकायत पर थाना राजहरा में तुरंत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनील तिर्की के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू की गई।

राजहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और चोरी गए 14 चक्का ट्रक को ग्राम तुमड़ीबोड़ (जिला राजनांदगांव) के पास लावारिस हालत में बरामद कर लिया। इसके बाद घटना स्थल और मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों के तकनीकी विश्लेषण से संदेही की गतिविधि पर नजर रखी गई। जांच के दौरान चालक योगेश सांगे से गहन पूछताछ में पता चला कि 20 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति उसके साथ वाहन में बैठकर कच्चे से मेटाबोदली-अंतागढ़ गया था। वहां से कच्चा माल लोड कर दोनों गिधाली माइंस पहुंचे और माल खाली करने के बाद रात लगभग 10:30 बजे राजहरा वापस आए थे। शर्मा पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद चालक ने उस व्यक्ति को उतार दिया था।

सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण और अन्य वाहन चालकों से मिली जानकारी के आधार पर संदेही की पहचान हरिवंश सेवता (पिता: पवन कुमार, उम्र: 21 वर्ष), निवासी ग्राम तहकाल, थाना अंतागढ़, जिला कांकेर के रूप में हुई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे राजहरा पुलिस ने अपनी तकनीकी दक्षता के बल पर रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र से ढूंढकर हिरासत में लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पकड़ा गया आरोपी हरिवंश सेवता एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न जिलों में अपराध दर्ज हैं। वही थाना सनौद (जिला बालोद): अपराध क्रमांक 80/25, धारा 303(2) बीएनएस और थाना चारामा (जिला कांकेर): अपराध क्रमांक 125/25, धारा 305(बी) बीएनएस में अपराध दर्ज है।

सफल कार्रवाई के बाद राजहरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ-सट्टा, गांजा बिक्री और नशीली दवाओं के कारोबार जैसी गतिविधियों से दूर रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि अपराधों पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।

Feroz Ahmed Khan

संभाग प्रभारी : दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!