ग्राम परसदा में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा दिवस श्रद्धा संस्कार और उल्लास के साथ मनाया गया

जिला जांजगीर-चांपा के ब्लॉक अकलतरा अंतर्गत ग्राम परसदा में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा दिवस के पावन अवसर पर भव्य, गरिमामय और श्रद्धा से परिपूर्ण आयोजन किया गया। पूरे गांव में सुबह से ही धार्मिक वातावरण बना रहा और हर ओर रामभक्ति की अलख देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम परसदा स्कूल के गुरुजनों द्वारा अटल चौक पर दीप प्रज्वलन के साथ की गई। दीप प्रज्वलन के पश्चात गुरुजनों ने बच्चों एवं उपस्थित ग्रामीणों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श जीवन, उनके संस्कार सत्य धर्म त्याग और कर्तव्यनिष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला। गुरुजनों ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आज की पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में सद्भाव, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की स्थापना की जा सकती है।
इस अवसर पर बच्चों को श्रीराम के जीवन प्रसंगों के माध्यम से अच्छे संस्कार अपनाने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने की सीख दी गई। बच्चों ने भी पूरे मनोयोग से गुरुजनों की बातों को सुना और रामजी के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
इसके पश्चात ग्राम परसदा स्थित बजरंगबली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे विधि-विधान के साथ हनुमान जी एवं श्रीराम जी की पूजा संपन्न हुई। पूजा के दौरान भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से उत्सव मनाते हुए प्राण प्रतिष्ठा दिवस को ऐतिहासिक रूप देने का प्रयास किया। युवाओं बुजुर्गों महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन और भी भव्य बन गया। पूरे गांव में आपसी भाईचारे, एकता और धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने भगवान श्रीराम से गांव की सुख-समृद्धि शांति और खुशहाली की कामना की। इस आयोजन ने ग्राम परसदा में धार्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों को और अधिक मजबूत किया




