जशपुर

जशपुर : चचेरे मामा की सनक ने ली 3 माह के मासूम की जान, विवाद के बाद टांगी से किया था हमला; आरोपी गिरफ्तार…

जशपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पारिवारिक विवाद की भेंट एक तीन महीने का मासूम चढ़ गया। थाना सन्ना के ग्राम पिपरापाठ में एक युवक ने अपनी चचेरी बहन पर टांगी (कुल्हाड़ी) के हत्थे से हमला किया, लेकिन वार चूकने के कारण चोट पीठ पर बंधे मासूम बच्चे को लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कुएं पर पानी भरने को लेकर शुरू हुआ था विवाद – पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 दिसंबर 2025 की शाम करीब 5:00 बजे की है। ग्राम पिपरापाठ निवासी प्रार्थिया संगीता का अपने चचेरे भाई रतन राम की पत्नी के साथ गांव के कुएं पर पानी भरने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों महिलाएं अपने-अपने घर लौट आईं।

बहन पर किया वार, मासूम की गई जान – विवाद से आक्रोशित होकर आरोपी रतन उर्फ रतनू राम (21 वर्ष) हाथ में टांगी लेकर संगीता के घर पहुँचा। उसने संगीता को जान से मारने की धमकी देते हुए टांगी के हत्थे से उस पर जोरदार प्रहार किया। हमले से बचने के लिए संगीता जैसे ही नीचे झुकी, वार सीधे उसकी पीठ पर बंधे 3 माह के मासूम बच्चे को जा लगा। प्रहार इतना घातक था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी – मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जशपुर, शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सन्ना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की:

  • अपराध दर्ज : आरोपी के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
  • वैज्ञानिक साक्ष्य : पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें डॉक्टर ने टांगी के हत्थे की चोट से मृत्यु की पुष्टि की।
  • जब्ती : हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
  • न्यायिक रिमांड : आरोपी रतन राम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इनकी रही मुख्य भूमिका – इस कार्रवाई में सन्ना थाना प्रभारी उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक विदवा राम और आरक्षक विमलेश भगत की विशेष भूमिका रही।

SSP जशपुर का संदेश: “थाना सन्ना क्षेत्र में हुई यह घटना अत्यंत दुखद है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं है, और अपराधी को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।”

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!