पुसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 30 लीटर महुआ शराब के साथ स्कूटी जब्त, आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान के बीच पुसौर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर 30 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस को देख गाड़ी छोड़ भागा था तस्कर : घटना 13 दिसंबर 2025 की है, जब पुसौर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भारी मात्रा में शराब का परिवहन किया जा रहा है। पुसौर पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान एक व्यक्ति टीवीएस जुपिटर स्कूटी (CG 13 BH 7554) पर आता दिखा। पुलिस की मौजूदगी देख आरोपी घबरा गया और चाबी समेत स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
डिक्की से निकली शराब, मालिक के भाई ने कबूला जुर्म : स्कूटी की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की और प्लास्टिक बोरियों के अंदर 10-10 लीटर की पन्नियों में भरी कुल 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब और वाहन को जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान जब पुलिस ने वाहन स्वामी खेमराम साव से पूछताछ की, तो उसने बताया कि घटना के दिन स्कूटी उसका भाई दयानिधि साव लेकर गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम औरदा निवासी दयानिधि साव (37 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका : इस सफल कार्रवाई में पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक योगेश उपाध्याय, आरक्षक कीर्तन यादव, दिनेश गोंड और विजय कुशवाहा का विशेष योगदान रहा।




