रायगढ़ युवा उत्सव: पंथी में घरघोड़ा तो राऊत नाचा में पुसौर का दबदबा, विजेताओं का राज्य स्तर के लिए चयन…

रायगढ़/17 दिसंबर 2025: नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में रायगढ़ के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उत्साह और उमंग से भरे इस आयोजन में घरघोड़ा विकासखंड ने पंथी नृत्य में और पुसौर विकासखंड ने राऊत नाचा में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले में अपनी श्रेष्ठता साबित की। अब ये विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में रायगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस उत्सव में जिले भर के युवाओं ने 14 अलग-अलग विधाओं में अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने माँ सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
युवाओं में दिखा गजब का उत्साह : कार्यक्रम के दौरान सामूहिक लोक नृत्य, सुआ, कर्मा, चित्रकला, वाद-विवाद और रॉक बैंड जैसी प्रतियोगिताओं में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने इसे छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष का महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए कहा कि यह मंच ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम है। वहीं, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू ने युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताया।
विजेताओं का सम्मान : समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया और राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।




