पद का गुरूर और नीयत में खोट: शादी के नाम पर महिला इंजिनियर से रेप, सहायक पोस्ट मास्टर गिरफ्तार…

जशपुर। जिले के तुमला थाना क्षेत्र में विश्वासघात की पराकाष्ठा देखने को मिली है। एक सहायक पोस्ट मास्टर ने एक महिला को शादी के सुनहरे सपने दिखाए, उसका शारीरिक शोषण किया और साजिश के तहत उसकी सरकारी नौकरी भी छुड़वा दी। अब इस ‘रंगीन मिजाज’ आरोपी का नया ठिकाना जशपुर जेल है।
विस्तृत खबर : जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत महिला संबंधी अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम सौरभ कुमार (27) है, जो मूलतः बिहार का निवासी है।

साजिश : पहले विश्वास जीता, फिर सब कुछ छीना – पीड़िता, जो कि एक सब-इंजिनियर के पद पर कार्यरत थी, आरोपी के झांसे में आ गई। आरोपी ने जनवरी 2025 में उसे अपने घर बुलाकर हवस का शिकार बनाया। इसके बाद उसने एक गहरी साजिश रची। शादी का वादा पक्का करने के नाम पर उसने युवती पर दबाव बनाया कि वह अपनी नौकरी छोड़ दे। युवती ने भरोसा किया और इस्तीफा दे दिया। लेकिन नौकरी छोड़ते ही आरोपी ने उसे दूध में पड़ी मक्खी की तरह निकाल फेंका और गालियां देनी शुरू कर दीं।
पुलिस कप्तान का बयान : एसएसपी जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा, “जशपुर पुलिस महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आरोपी चाहे किसी भी पद पर हो, कानून के हाथ उसकी गिरेबान तक पहुंचेंगे। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।”
सराहनीय भूमिका : इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला कोमल सिंह नेताम और उनकी टीम (आरक्षक बसंत खुटिया, सोनू सिंह, हीरालाल यादव, महिला आरक्षक बीरजिनिया टोप्पो) ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी को दबोच लिया।




