बिलासपुर में ‘खूनी इश्क’ का खौफनाक अंजाम : पोल्ट्री फार्म संचालक की पसलियां तोड़ीं, फिर पत्थरों से शव बांधकर तालाब में डुबोया…

बिलासपुर। जिले में अपराध का एक रूह कंपा देने वाला चेहरा सामने आया है। कोटा थाना क्षेत्र के घोरामार गांव में एक 25 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। कातिलों ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए युवक को तब तक पीटा जब तक उसकी पसलियां नहीं टूट गईं, फिर धारदार हथियार से वार कर अधमरी हालत में उसके सीने और पीठ पर पत्थर बांधकर तालाब में फेंक दिया।
एक हफ्ते तक पानी के भीतर दफ्न रहने के बाद रविवार को युवक की लाश ऊपर आई, तो देखने वालों की रूह कांप गई।
वारदात की 3 बड़ी बातें :
- क्रूरता की हद : हत्यारों ने युवक की पसलियां तोड़ीं, कान और पीठ पर धारदार हथियार से गहरे वार किए।
- साजिश : लाश पानी में ऊपर न आए, इसलिए गमछे से भारी पत्थर सीने और पीठ पर बांध दिए गए थे।
- वजह : पुलिस को शक है कि इस ‘कोल्ड ब्लड मर्डर’ के पीछे प्रेम-प्रसंग या अवैध संबंध की कहानी हो सकती है।
30 नवंबर की काली रात : फार्म के लिए निकला, फिर नहीं लौटा – मृतक की पहचान धीरज साहू (25) के रूप में हुई है। 30 नवंबर की रात वह घर से खाना खाकर अपने पोल्ट्री फार्म के लिए निकला था। यही उसका ‘लास्ट लोकेशन’ साबित हुआ। जब वह अगली सुबह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने कोहराम मचा दिया। कोटा थाने में गुमशुदगी दर्ज हुई, लेकिन सुराग नहीं मिला। मोबाइल भी बंद आ रहा था।
तालाब ने उगली लाश, खुले राज : रविवार को ग्रामीणों की नजर तालाब में तैरती एक लाश पर पड़ी। जब शव को बाहर निकाला गया, तो मंजर भयानक था। युवक के शरीर पर बेरहमी के निशान थे। हत्यारों ने सुनियोजित तरीके से उसे पत्थरों के बोझ तले पानी में डुबो दिया था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। इसी वजह से परिजन और पुलिस कई बार तालाब के पास से गुजरे, लेकिन लाश का पता नहीं चला।
पुलिस का दावा : ‘जुनून’ में किया गया कत्ल – शव का पंचनामा और हालात देखने के बाद पुलिस का कहना है कि यह सामान्य हत्या नहीं है। जिस तरह युवक को तड़पा-तड़पा कर मारा गया है और चेहरा बिगाड़ने की कोशिश की गई है, वह किसी करीबी या परिचित का काम लगता है। कोटा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग ने बताया कि हत्या का तरीका ‘जुनून और गुस्से’ (Passion Crime) की ओर इशारा कर रहा है, जो अक्सर प्रेम-प्रसंग के मामलों में देखा जाता है।
पुलिस एक्शन : पुलिस ने मामले को हत्या (302) में तब्दील कर दिया है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ जारी है। जल्द ही इस अंधे कत्ल से पर्दा उठने की उम्मीद है।




