जशपुर

कुनकुरी : NH-43 पर नाबालिग की ‘रफ़्तार’ का कहर; दुकान का शटर चीरकर अंदर घुसी बेकाबू कार…

जशपुर। जिले के कुनकुरी शहर के व्यस्ततम राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बुधवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाबालिग की लापरवाही ने बड़े हादसे को अंजाम दे दिया। पंजाब नेशनल बैंक के पास एक तेज रफ्तार लाल रंग की कार अनियंत्रित होकर सड़क पार करते हुए सीधे एक बंद दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान का मजबूत लोहे का शटर कागज की तरह मुड़ गया और अंदर रखा सामान मलबे में तब्दील हो गया।

रिवर्स गियर में काल बनकर दौड़ी कार : प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 6:30 बजे एनएच किनारे स्थित एक मकान से लाल रंग की हुंडई कार (JH 10 Y 4505) को बाहर निकाला जा रहा था। कार की स्टयरिंग एक नाबालिग के हाथ में थी। जैसे ही उसने कार को पीछे (रिवर्स) लेना शुरू किया, वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। कार बैक गियर में ही पूरी रफ्तार के साथ सड़क को पार करते हुए दूसरी तरफ स्थित दुकान के शटर को तोड़कर अंदर जा समाई।

बड़ा हादसा टला, लेकिन उठ रहे गंभीर सवाल : ​गनीमत रही कि जिस वक्त यह टक्कर हुई, दुकान बंद थी और सड़क पर उस हिस्से में कोई राहगीर मौजूद नहीं था, वरना मौतों का आंकड़ा खौफनाक हो सकता था। इस हादसे में नाबालिग चालक घायल हुआ है, जिसे कुनकुरी पुलिस ने तत्काल अस्पताल भिजवाया। दुकान मालिक को इस लापरवाही के कारण भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

नाबालिगों को चाबी देना पड़ सकता है भारी : यह घटना उन अभिभावकों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो बिना सोचे-समझे अपने नाबालिग बच्चों के हाथ में वाहनों की चाबी थमा देते हैं। कुनकुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है और कयास लगाए जा रहे हैं कि वाहन स्वामी पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

मुख्य बिंदु :

  • स्थान : NH-43, पंजाब नेशनल बैंक के समीप, कुनकुरी।
  • वाहन : लाल रंग की कार (JH 10 Y 4505)।
  • वजह : नाबालिग चालक द्वारा लापरवाही और तेज रफ्तार।
  • नुकसान : दुकान का लोहे का शटर और कीमती सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!