रायपुर की स्टील फैक्ट्री में मौत का तांडव: 6 की मौत, कई घायल ; धरसींवा थाना क्षेत्र का मामला, फैक्ट्री प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल…

रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। फैक्ट्री के भीतर हैवी मशीनरी का बड़ा हिस्सा टूटकर अचानक गिर पड़ा, जिसके नीचे दबकर 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 6 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घायलों को पंडरी स्थित रायपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मशीनरी का वजन इतना भारी था कि कर्मचारियों को बचाने का कोई मौका ही नहीं मिला। अस्पताल लाए गए घायलों की हालत भयावह है—शरीर बुरी तरह झुलस चुके हैं और हड्डियां तक बाहर नजर आ रही हैं।
प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल :हादसे के बाद से फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ सवाल खड़े हो गए हैं। मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की खुली धज्जियां उड़ाई जाती हैं। भारी मशीनरी के नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा उपकरणों की कमी इस बड़े हादसे का कारण मानी जा रही है।
मौके पर पुलिस और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी : हादसे की सूचना मिलते ही धरसींवा पुलिस मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी और मजदूर दबे हो सकते हैं।
मौत का अड्डा बनती फैक्ट्रियां : यह कोई पहला मामला नहीं है। रायपुर और आसपास के औद्योगिक इलाकों में लगातार फैक्ट्रियों में हादसे हो रहे हैं। सवाल यह है कि जब श्रमिकों की जान को दांव पर लगाकर उत्पादन चलाया जा रहा है, तो आखिर प्रशासन और श्रम विभाग की जिम्मेदारी कहां है?




