ऑपरेशन अंकुश में जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी ; नाबालिग से दुष्कर्म कर फरार आरोपी भोला ग्वालियर से गिरफ्तार…

जशपुर। जिले के चौकी सोनक्यारी क्षेत्र की नाबालिग लड़की से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी रविकांत उर्फ भोला (21 वर्ष) को जशपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
6 महीने की बातचीत, शादी का झांसा और दो दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म : प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर को पीड़िता की मां ने चौकी सोनक्यारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पिछले छह माह से उसकी 15 वर्षीय बेटी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने प्यार और शादी का झांसा देकर 17 अक्टूबर को नाबालिग को अपने घर ले गया, जहां उसने दो दिनों तक उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। दो दिन बाद किसी तरह नाबालिग घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
POSCO व BNS की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज : मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64(2)(m), 65(1) तथा पॉस्को एक्ट की धारा 5 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था।
टेक्निकल सर्विलांस से मिला सुराग; ग्वालियर में दबोचा गया आरोपी : जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिरों के सहयोग से पता चला कि आरोपी ग्वालियर में छिपा है। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एक विशेष टीम गठित कर ग्वालियर भेजा। पुलिस टीम ने ग्वालियर में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लाया।
अपराध स्वीकार, आरोपी जेल भेजा गया : पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका : इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी, सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, तथा नगर सैनिक शिवशंकर रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा _ “नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में फरार आरोपी को ग्वालियर से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। संवेदनशील मामलों में पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है।”




