नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक पर FIR, जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई – आरोपी फरार, तलाश जारी

जशपुर, 14 नवम्बर 2025। जशपुर में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के गंभीर आरोप में एक शिक्षक के खिलाफ सिटी कोतवाली जशपुर में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता द्वारा परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत देने के तत्काल बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
कैसे सामने आया मामला? – 14 नवम्बर 2025 की सुबह पीड़िता अपने परिजनों के साथ सिटी कोतवाली पहुंची और लिखित रिपोर्ट दी। पीड़िता ने बताया कि जुलाई 2024 से वह आरोपी गिरधारी राम यादव के घर में रहकर घरेलू काम कर रही थी और इसी दौरान जशपुर के एक स्कूल में पढ़ाई भी करती थी। उसी घर में रहने का फायदा उठाकर आरोपी ने कई बार उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया।
आरोपी के खिलाफ निम्न धाराओं में एफआईआर:
- भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा
74, 75, 64(2)(M), 65(1) - POCSO Act की धारा
6 (गंभीर दुष्कर्म), 8 (यौन उत्पीड़न)
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित विवेचना शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने कहा:
“आरोपी गिरधारी राम यादव के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया गया है। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा जाएगा।”
आरोपी फरार – पतासाजी जारी : एफआईआर के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस टीमें लगातार दबिश देकर उसकी तलाश कर रही हैं। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी रोष व्यक्त किया जा रहा है।




