सड़क पर कब्जा किया तो खैर नहीं : सरगुजा पुलिस ने रिंग रोड से खदेड़े भारी वाहन, चालकों में हड़कंप…

अम्बिकापुर। शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले रिंग रोड को पार्किंग लॉट बनाने वाले भारी वाहन चालकों पर सरगुजा पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के तहत पुलिस अब केवल समझाइश ही नहीं, बल्कि स्पॉट फाइन और सख्त एक्शन के मूड में नजर आ रही है।
रिंग रोड पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, मौके पर काटे चालान – शनिवार को बस स्टैंड सहायता केंद्र और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने रिंग रोड और आसपास के प्रमुख मार्गों पर औचक दबिश दी। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि भारी वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर ही चालान काटते हुए चालकों को कड़ी फटकार लगाई और वाहनों को तत्काल वहां से हटवाया।
अल्टीमेटम : ‘ट्रांसपोर्ट नगर’ जाएं, वरना होगी जप्ती – पुलिस प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि रिंग रोड या शहर के किसी भी भीतरी मार्ग पर भारी वाहन पार्क करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- सख्त हिदायत: सभी बस और ट्रक चालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहन केवल ट्रांसपोर्ट नगर स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें।
- चेतावनी: यदि इसके बाद भी रिंग रोड पर वाहन खड़े पाए गए, तो पुलिस टीम द्वारा न केवल जुर्माना वसूला जाएगा, बल्कि वाहनों की जप्ती जैसी सख्त वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी।
“सड़क सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। जागरूकता अभियान के साथ-साथ अब नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती बरती जा रही है। रिंग रोड पर अवैध पार्किंग के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।” सरगुजा पुलिस
क्यों जरूरी है यह कार्यवाही? – रिंग रोड पर खड़े भारी वाहनों के कारण रात के समय विजिबिलिटी कम हो जाती है, जिससे दोपहिया और चार पहिया वाहन चालक अक्सर हादसों का शिकार होते हैं। सरगुजा पुलिस की इस ‘क्लियरेंस ड्राइव’ से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।




