
जशपुर। जिले के थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम जामुन जोबला में अंधविश्वास ने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा को रौंद डाला। 22 वर्षीय युवक मुकेश पहाड़ी ने तंत्र-मंत्र के शक में अपनी रिश्ते की फुआ सुखाड़ी पहाड़ी (40 वर्ष) की टांगी से बेरहमी से हत्या कर दी। घटना में फूफा पंकज पहाड़ी (45 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 103(1) व 109 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हत्या की सनसनीखेज वारदात : घटना 21 अक्टूबर 2025 की शाम की है। प्रार्थी पंकज पहाड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह और उसकी पत्नी सुखाड़ी पहाड़ी गांव के ही एक घर में हंडिया पीने गए थे। लगभग शाम 5:30 बजे जब दोनों लौट रहे थे, तभी उनकी रिश्ते का भतीजा मुकेश पहाड़ी, जो उनका पीछा कर रहा था, हाथ में टांगी लेकर पहुंचा।
जैसे ही सुखाड़ी पहाड़ी रास्ते में पेशाब करने के लिए रुकी, आरोपी ने टांगी से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने पंकज पहाड़ी पर भी हमला किया, जिससे वह घायल होकर किसी तरह जान बचाकर भाग निकला।
पुराना जमीन विवाद और तंत्र-मंत्र का भ्रम बना वजह : जांच में सामने आया कि आरोपी मुकेश और मृतका के परिवार के बीच खेती की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब पांच माह पूर्व भी दोनों परिवारों के बीच मारपीट हुई थी। हाल ही में आरोपी के बच्चों की तबीयत खराब रहने लगी, जिससे उसे शक हुआ कि उसकी फुआ सुखाड़ी पहाड़ी ने तंत्र-मंत्र कर दिया है। इसी भ्रम में आरोपी ने यह निर्मम हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी गिरफ्तार, टांगी व खून सने कपड़े बरामद : हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रातभर की घेराबंदी कर मुकेश पहाड़ी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और खून लगे कपड़े जब्त किए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मौत का कारण गले पर टांगी से हुए गहरे वार को बताया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया –
“बगीचा क्षेत्र के ग्राम जामुन जोबला में तंत्र-मंत्र के शक में एक युवक ने अपनी फुआ की टांगी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी और आरोपी के कपड़े जब्त कर लिए गए हैं।”
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका : मामले की त्वरित कार्यवाही में
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे,
प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह,
आरक्षक फुलजेंस टोप्पो
और नगर सैनिक बलिराम रवि की उल्लेखनीय भूमिका रही।
अंधविश्वास बना मौत का कारण : जशपुर जैसे शिक्षित होते समाज में आज भी तंत्र-मंत्र के शक में हत्या जैसी घटनाएं न केवल कानूनी अपराध हैं, बल्कि सामाजिक चेतना पर कलंक हैं। यह घटना फिर याद दिलाती है कि अंधविश्वास और अशिक्षा की कीमत अक्सर निर्दोष लोगों की जान से चुकाई जाती है।




