बिलासपुर

बिलासपुर : इल्यूम बार में ‘डांस’ बना ‘दंगल’, दो गुटों में चले लात-घूंसे; पुलिस ने 4 हुड़दंगियों को भेजा जेल…

बिलासपुर। न्यायधानी के क्लबों में देर रात तक चलने वाली पार्टियों में अब मनोरंजन कम और मारपीट की घटनाएं ज्यादा बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के रायपुर रोड स्थित इल्यूम बार (Illume Bar) का है, जहां रविवार की देर रात डांस फ्लोर पर नाचते समय युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि क्लब ‘अखाड़े’ में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले।

नाचते-नाचते शुरू हुआ बवाल : मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात इल्यूम बार के क्लब में पार्टी चल रही थी। तेज म्यूजिक पर युवा डांस कर रहे थे, तभी किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद की चिंगारी ने जल्द ही बड़ी आग का रूप ले लिया और क्लब के अंदर ही मारपीट शुरू हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक एक-दूसरे पर हमला करते साफ नजर आ रहे हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई : 4 गिरफ्तार – हंगामे की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शांति व्यवस्था भंग करने और हिंसा फैलाने के आरोप में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 4 युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ BNSS की धारा 170, 126 और 135 (3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम :

  • कुनाल धीरज (20 वर्ष) – निवासी सिलपहरी, सिरगिट्टी।
  • सदिल अली उर्फ शाहरुख (37 वर्ष) – निवासी ईरानी मोहल्ला, सरकण्डा।
  • प्रदीप प्रजापति (37 वर्ष) – निवासी जरहाभाठा, सिविल लाईन।
  • श्याम लाल यादव (38 वर्ष) – निवासी यादव नगर, तिफरा।

कानून का शिकंजा : पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बार संचालकों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि देर रात तक किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नोट : इस तरह की घटनाओं ने एक बार फिर बिलासपुर के बार और क्लबों की सुरक्षा व्यवस्था और वहां के माहौल पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!