अवैध शराब बनी मौत का कारण बिलाईगढ़–सारंगढ़ में अवैध शराब के जाल ने ली एक और युवा की जान…

सारंगढ़ बिलाईगढ़–सारंगढ़ जिले में अवैध शराब का कारोबार लगातार जानलेवा साबित होता जा रहा है। ताज़ा मामला बगलोटा गांव का है जहाँ 24 वर्षीय युवक राकेश नवरत्न की अत्यधिक शराब सेवन के कारण मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर जिले में खुलेआम बिक रही कच्ची महुआ शराब और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देश के कई राज्यों में नशे के खिलाफ सख़्त अभियान चलाए जा रहे हैं वहीं छत्तीसगढ़ में शराब सेवन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। महंगी शराब बेरोज़गारी और आर्थिक दबाव के चलते युवा सस्ते नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। गांव-गांव आसानी से उपलब्ध कच्ची महुआ शराब इस संकट को और गहरा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई केवल दिखावटी बनकर रह गई है। छोटे विक्रेताओं को पकड़कर
औपचारिकता निभा ली जाती है जबकि असली कारोबारी हर बार कानून के शिकंजे से बाहर निकल जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत और कथित लेन-देन के चलते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है जिससे अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
हालांकि हाल ही में बिलाईगढ़ में नए पुलिस कप्तान ने पदभार ग्रहण किया है। ऐसे में आम जनता की निगाहें अब प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या अवैध शराब के इस घातक नेटवर्क पर वास्तव में सख़्त प्रहार होगा या फिर समय की नजाकत में मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा
यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है। ज़रूरत है कि नशे के खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई सामाजिक जागरूकता और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाले प्रयास एक साथ किए जाएँ ताकि कोई और राकेश नवरत्न असमय मौत का शिकार न बने।




