चक्रधर समारोह 2025 ; अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य समापन…

रायगढ़, 04 सितम्बर 2025। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह 2025 के अंतर्गत मोतीमहल प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का बुधवार की शाम भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबलों में पहलवानों के दांव–पेच देख दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए।
समापन अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने बल एवं शक्ति के प्रतीक भगवान श्री हनुमान और महाराजा चक्रधर सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात उन्होंने फाइनल राउंड में पहुंचे पहलवानों से परिचय प्राप्त किया।
सांसद सिंह ने कहा कि “महाराजा चक्रधर सिंह की स्मृति में रायगढ़ की सांस्कृतिक नगरी में इस प्रतियोगिता का आयोजन पूरे गौरव का विषय है। इस दंगल ने खेल भावना, अनुशासन और जज़्बे की मिसाल पेश की है।”
अखाड़े में दिखा जोश और जज़्बा : प्रतियोगिता में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के पहलवानों ने जोर आजमाइश कर दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइनल मुकाबलों में पहुंचे विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, पदक और सम्मान राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में रायगढ़ नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, गणमान्य नागरिक नटवर सिंघानिया, श्याम सिंह सोनी, दिनेश जायसवाल, राजानंद यादव, बलबीर शर्मा, जय यादव, अनूप सोनी, उमेश पाठक सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका राम यादव, दीपक चहर, पवन, भूपेन्द्र, विनय यादव और विनोद शर्मा ने निभाई।
🔰 अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता
- 52–57 किलो वर्ग : साहिल (हरियाणा) – प्रथम, करन कुमार धिवर – द्वितीय, रितिक चन्द्रा – तृतीय
- 57–62 किलो वर्ग : अभिषेक सिंह यादव – प्रथम, धीरज भारद्वाज – द्वितीय, लक्की यादव – तृतीय
- 62–70 किलो वर्ग : अनिल – प्रथम, ललित कौशल – द्वितीय, नातिन – तृतीय
- 70–80 किलो वर्ग : नवीन – प्रथम, रितिक राणा – द्वितीय, रोहित प्रजापति – तृतीय
- 80 किलो से ऊपर : प्रदीप – प्रथम, प्रवीण चहर – द्वितीय, रोहित – तृतीय
🔰राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता :
- 48–52 किलो वर्ग : हितेश कुर्रे (धमतरी) – प्रथम, विक्रम साहू (रायपुर) – द्वितीय, अमन ठाकुर (रायगढ़) – तृतीय
- 52–56 किलो वर्ग : कुणाल यादव (धमतरी) – प्रथम, मेहुल कुमार (धमतरी) – द्वितीय, रितिक चन्द्रा (रायगढ़) – तृतीय
- 56–61 किलो वर्ग : मनीष कुमार यादव (भिलाई) – प्रथम, रूपेश कुमार धीवर (बिलासपुर) – द्वितीय, अश्वनी ध्रुव (धमतरी) – तृतीय
- 61–70 किलो वर्ग : लक्की यादव (दुर्ग) – प्रथम, वेदान्त कुमार कश्यप (बिलासपुर) – द्वितीय, पवन कुमार (भिलाई) – तृतीय
- 70 किलो से ऊपर : विजेन्द्र पाल सिंह – प्रथम, सतपाल यादव – द्वितीय, मनीष – तृतीय
मोतीमहल प्रांगण में हुआ यह अखाड़ा मुकाबला न केवल खिलाड़ियों के दमखम का गवाह बना, बल्कि दर्शकों ने भी परंपरागत खेल संस्कृति को करीब से देखने का आनंद लिया।