जशपुर

सड़कों पर ‘यमराज’ को दावत देने वालों की अब खैर नहीं: जशपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह के तेवर सख्त…

जशपुर। जिले की सड़कों पर अब स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर का शोर सुनाई नहीं देगा। जिले के नवपदस्थ डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह ने कमान संभालते ही यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ “सर्जिकल स्ट्राइक” शुरू कर दी है। कप्तान के कड़े निर्देशों के बाद जशपुर पुलिस अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है।

रडार पर ‘रफ्तार के सौदागर’ : कोतवाली पुलिस ने कसा शिकंजा – ​SSP के आदेश मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। रविवार शाम को शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर मौत को मात देने की कोशिश करने वाले 10 बड़े मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मुख्य रूप से इन पर प्रहार किया:

  • कानफोड़ू साइलेंसर : मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर दहशत फैलाने वाली गाड़ियां जब्त।
  • मौत का स्टंट : सड़कों पर जानलेवा करतब दिखाने वाले युवाओं पर शिकंजा।
  • नशे में ड्राइविंग : शराब पीकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त केस।
  • स्पीडिंग : निर्धारित गति सीमा से ऊपर फर्राटा भरने वाले वाहन चालक।

सीधे कोर्ट में होगी पेशी – पुलिस की यह कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं है। पकड़े गए सभी 10 गंभीर प्रकरणों को माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है, ताकि उल्लंघन करने वालों को सख्त कानूनी सबक मिल सके। पुलिस कप्तान ने स्पष्ट कर दिया है कि जुर्माना भरना तो दूर, अब कानून की चौखट पर जवाब देना होगा।

“आपका जीवन आपके परिवार के लिए अमूल्य है, इसे चंद सेकंड के रोमांच के लिए दांव पर न लगाएं। नियम तोड़ना न केवल खुद के लिए बल्कि समाज के लिए भी खतरा है। जशपुर पुलिस सुरक्षा और जागरूकता दोनों मोर्चों पर काम करेगी।”

डॉ. लाल उमेद सिंह, SSP जशपुर

आमजन के लिए चेतावनी और अपील – ​जशपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला थमेगा नहीं। पुलिस अब जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को नियमों का महत्व समझाएगी, लेकिन जो जानबूझकर नियमों की धज्जियां उड़ाएंगे, उन्हें पुलिस के सख्त रुख का सामना करना पड़ेगा।

जशपुर पुलिस का संदेश: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!