राजहरा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई : 40 पौवा अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले में अवैध कारोबारियों, सट्टेबाजों और शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार लगातार जारी है। जिला पुलिस कप्तान किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दल्ली राजहरा पुलिस ने अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब जब्त करते हुए आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
सूचना मिलते ही घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनील तिर्की के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति राजहरा शराब भट्टी की ओर से भारी मात्रा में शराब लेकर भोयरटोला रेलवे क्रासिंग की तरफ जा रहा है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ भोयरटोला क्रासिंग के पास नाकेबंदी की। पुलिस की मौजूदगी देख आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सतर्क जवानों ने दौड़ाकर धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले रंग के थैले से ‘शोले’ ब्रांड की 40 पौवा (प्रत्येक 180 एमएल) सीलबंद देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹3200 आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान दीनबंधु तारम (40 वर्ष), पिता संतराम तारम, निवासी ग्राम बिटाल (थाना राजहरा) के रूप में हुई है। पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 236/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस कप्तान के आते ही अपराधियों में खौफ, आमजन में बढ़ा विश्वास
राजहरा थाना प्रभारी “सुनील तिर्की” का स्पष्ट संदेश है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बालोद जिले में जब से पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने पदभार ग्रहण किया है, तब से जिले की कानून व्यवस्था काफी सुदृढ़ हुई है। उनके कड़े तेवरों और सख्त कार्यशैली के चलते जिलेभर में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाइयां देखने को मिल रही हैं। लगातार हो रही इन सख्त कार्रवाइयों से जहां एक ओर असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल निर्मित हुआ है।




