पत्थलगांव में अमानक बीज का बड़ा खेल : सूर्या एग्री साइंसेज पर बिना बिल खराब बीज बेचकर किसान को बर्बाद करने और धमकाने का गंभीर आरोप, आईजी तक पहुंची शिकायत…

भाग 2
जशपुर। जिले में अन्नदाता की गाढ़ी कमाई और मेहनत पर मुनाफाखोरी का डाका डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्थलगांव तहसील के बिलाई टांगर स्थित सूर्या एग्री साइंसेज के बीज गोदाम पर कथित रूप से घटिया एवं अंकुरण-विहीन हाइब्रिड धान बीज बेचने, बिना बिल के व्यापार करने और नुकसान की शिकायत करने पर किसान को सरेराह जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित किसान ने सरगुजा रेंज पुलिस महानिरीक्षक (IG), पुलिस अधीक्षक (SP) जशपुर समेत अनुविभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सस्ते के लालच में 18 हजार की चपत, खेत रह गए बंजर – ग्राम झक्कड़पुर निवासी किसान लोहर साय नाग (उम्र 32 वर्ष) के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली थी कि बिलाई टांगर स्थित सूर्या एग्री साइंसेज के गोदाम में बाजार से कम दाम पर हाइब्रिड बीज मिल रहा है। बाजार में लगभग ₹1,200 में मिलने वाले बीज के झांसे में आकर किसान ने करीब 60 किलोग्राम (दो बोरी) हाइब्रिड धान बीज ₹18,000 नकद देकर खरीदा। जब किसान ने पक्का बिल मांगा, तो गोदाम संचालक ने बाद में बिल देने का बहाना बनाकर टाल दिया।
किसान ने तय प्रक्रिया के अनुसार धूप में सुखाकर खेत में बुआई की, लेकिन 10 दिन से अधिक बीत जाने के बावजूद खेत में अंकुरण नहीं हुआ। अधिकांश खेत खाली पड़ा रह गया, जिससे खेती का महत्वपूर्ण सीजन हाथ से निकल गया और परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया।
‘पटक कर मारूंगा, जो करना है कर ले’ – सड़क पर दी धमकी : शिकायत में उल्लेख है कि बार-बार गोदाम के चक्कर काटने के बाद भी संचालक बचता रहा। इसी दौरान पालीडीह के पास जब सफेद रंग की बोलेरो (क्रमांक UP 32 JB 6698) में सवार संचालक से किसान ने अपने नुकसान की भरपाई की बात कही, तो पहले उसे “अगले साल मुफ्त बीज देने” का झांसा दिया गया। किसान द्वारा विरोध करने पर संचालक आपा खो बैठा और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए खुलेआम धमकी दी:
“ज्यादा मत बोल, ज्यादा बोलेगा तो तुझे यहीं पर पटककर मारूंगा। नहीं दूंगा, जा जो करना है कर ले।”
उठते गंभीर सवाल: कृषि विभाग और प्रशासन की नाक के नीचे क्या चल रहा है फर्जीवाड़ा?
- कालाबाजारी और टैक्स चोरी : किसानों को बिना पक्के बिल के लाखों रुपये का बीज कैसे बेचा जा रहा है? क्या यहां जीएसटी और कृषि विभाग के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं?
- अमानक बीज का रैकेट : जिस बीज की अंकुरण क्षमता शून्य के बराबर निकली, क्या कृषि विभाग ने उस गोदाम के लॉट और बैच नंबर की सैंपलिंग और जांच की है?
- बाहरी गाड़ियों से धौंस : उत्तर प्रदेश पासिंग बोलेरो (UP 32 JB 6698) में घूमने वाले इन कथित बीज सप्लायरों को क्षेत्र के सीधे-सादे आदिवासी किसानों को धमकाने की हिम्मत कहां से मिल रही है?
आईजी व एसपी से न्याय की गुहार – पीड़ित किसान लोहर साय नाग ने खरीदे गए बीज के पैकेट व बैच विवरण के साथ आईजी सरगुजा, एसपी जशपुर, पत्थलगांव थाना प्रभारी, एसडीएम एवं वरिष्ठ कृषि अधिकारियों को मय सबूत शिकायत पत्र सौंपा है। किसान ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने, फसल क्षतिपूर्ति दिलाने और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि प्रशासन किसान को न्याय दिलाता है या फिर यह अमानक बीज का गोरखधंधा कागजी जांच में दबकर रह जाएगा।
पूर्व में प्रकाशित खबर :




