लैलूंगा पुलिस का बड़ा एक्शन : रूपडेगा से राजपुर बाजार तक शराब माफिया पर शिकंजा, 4 गिरफ्तार व 43 लीटर कच्ची शराब जब्त, 100 बोरी महुआ नष्ट…

रायगढ़। जिले में नशे के अवैध नेटवर्क की कमर तोड़ने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लैलूंगा पुलिस ने अवैध महुआ शराब के अड्डों पर बड़ा प्रहार किया है। रूपडेगा और आसपास के इलाकों में एक के बाद एक ताबड़तोड़ चार दबिश देकर पुलिस ने एक महिला समेत चार शराब तस्करों को रंगे हाथों दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 43 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, वहीं शराब बनाने के लिए छिपाकर रखी गई 100 बोरी महुआ लाहन को मौके पर ही गवाहों के सामने नष्ट कर दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी लैलूंगा गिरधारी साव की अगुवाई में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
साप्ताहिक बाजार में खपाने की थी तैयारी, पुलिस ने बिछाया जाल – पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर यह कार्रवाई की:
- पुटूपारा राजपुर कच्चा मार्ग : कोड़ासिया की ओर से पैदल थैला लेकर आ रहे आरोपी मनोज तिग्गा (40 वर्ष, निवासी भालूकोना रूपडेगा) को दबोचकर उसके पास से जरीकेन में भरी 20 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹2,000) जब्त की गई।
- फिटिंगपारा चौक : रूपडेगा से राजपुर बाजार में शराब खपाने जा रहे आरोपी फिलिंदर लकड़ा (24 वर्ष, निवासी इमलीपारा रूपडेगा) की घेराबंदी कर 10 लीटर शराब (कीमत ₹1,000) बरामद की गई।
- राजपुर साप्ताहिक बाजार : बाजार में अवैध शराब बेचने की फिराक में मौजूद महिला आरोपी वंदना पैंकरा (39 वर्ष, निवासी राजपुर) को प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखी 10 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹1,500) के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।
- भालूकोना घेराबंदी : मुखबिर की सूचना पर आरोपी हरिहर साय टोप्पो (59 वर्ष, निवासी रूपडेगा भालूकोना) को 3 लीटर कच्ची शराब (कीमत ₹300) के साथ गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
100 बोरी महुआ किया गया नष्ट, माफिया को दो टूक चेतावनी – कार्रवाई के दौरान अवैध भट्ठियों के पास शराब निर्माण के लिए रखी करीब 100 बोरी महुआ को पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में नष्ट करवा दिया, जिससे अवैध शराब बनाने के पूरे तंत्र पर ताला लग गया। लैलूंगा थाना प्रभारी ने दो टूक चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण, परिवहन या बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई परमेश्वर सिंह, एएसआई प्रेमसाय भगत, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, जयशरण चंद्रा, आरक्षक राजू तिग्गा, प्रदीप कुर्रे और महिला आरक्षक पूनम साहू की मुख्य भूमिका रही।




