पूर्व विधायक यू.डी. मिंज पर विवादित पोस्ट का मामला : सोशल मीडिया पर साम्प्रदायिक विद्वेष फैलाने के आरोप में अमित पाण्डेय पर FIR दर्ज, SC/ST एक्ट समेत गंभीर धाराएं लगीं…

जशपुर। सोशल मीडिया के जरिए धार्मिक वैमनस्य फैलाने और जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने अंबिकापुर निवासी अमित पाण्डेय के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं जशपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उत्तमदान (यू.डी.) मिंज की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 196(1), 353(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3-1(u) और 3(2)(va) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
फेसबुक पोस्ट के जरिए साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप – पूर्व विधायक यू.डी. मिंज द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी अमित पाण्डेय ने अपने फेसबुक प्रोफाइल से लगातार कई सुनियोजित व भड़काऊ पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए। शिकायत में उल्लेख है कि आरोपी ने कांग्रेस संगठन के आंतरिक पत्रों को साम्प्रदायिक रंग देकर प्रस्तुत किया और धार्मिक आधार पर दो वर्गों के बीच वैमनस्यता व नफरत फैलाने की कोशिश की।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह केवल उनकी छवि खराब करने का प्रयास नहीं है, बल्कि क्षेत्र की लोक शांति और राष्ट्रीय एकता को खंडित करने का षड्यंत्र है।
नेपथ्य में शामिल साजिशकर्ताओं की तलाश – शिकायत आवेदन में यह आशंका भी जताई गई है कि आरोपी यह कृत्य अकेले नहीं कर रहा था, बल्कि किसी मुख्य षड्यंत्रकारी और दुष्प्रेरक के इशारे पर आंतरिक दस्तावेज हासिल कर यह अभियान चलाया जा रहा था। प्रार्थी ने पुलिस से इस पूरे नेटवर्क के वास्तविक सूत्रधारों को बेनकाब करने तथा फेसबुक (मेटा) से डिजिटल साक्ष्य (IP एड्रेस, लॉग्स आदि) सुरक्षित कराने की मांग की है।
जांच के बाद मामला दर्ज – कुनकुरी थाने में प्राप्त आवेदन की प्राथमिक जांच, गवाहों के बयान और संलग्न इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के अवलोकन के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर औपचारिक प्राथमिकी (FIR No. 0168/2026) दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना जारी है।




