घरघोड़ा में पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ : आधी रात नाकेबंदी तोड़कर भाग रहा कबाड़ लदा माजदा पकड़ा, 15.50 लाख का माल जब्त…

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ माफियाओं की कमर तोड़ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीती रात चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास कर रहे एक माजदा वाहन को पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर धर दबोचा। वाहन से 4.5 टन अवैध लोहा-टीन का स्क्रैप बरामद कर वाहन समेत कुल 15.50 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
नाकेबंदी देख चालक ने दौड़ाई गाड़ी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा – घटना बीती रात की है, जब घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम बाईपास रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास मुस्तैदी से संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक टाटा 1109 माजदा (क्रमांक CG-04-QK-3542) आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करते ही चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड्स चकमा देकर भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
कागजात दिखाने में करता रहा टालमटोल – तलाशी लेने पर वाहन के डाले में भारी मात्रा में लोहा और टीन का स्क्रैप भरा पाया गया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान पुरुषोत्तम एक्का (उम्र 42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07, इंदिरानगर, रायगढ़ के रूप में बताई। माल और गाड़ी से जुड़े वैध दस्तावेज मांगने पर वह बहानेबाजी करने लगा। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर सामने आया कि यह कबाड़ अवैध रूप से खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।
कड़ी धाराओं में अपराध दर्ज – पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए:
- करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य का 4.5 टन अवैध स्क्रैप
- 15 लाख रुपये मूल्य का माजदा वाहन (कुल जुमला 15.50 लाख रुपये की संपत्ति) विधिवत जब्त कर लिया है।
आरोपी चालक पुरुषोत्तम एक्का के खिलाफ थाना घरघोड़ा में धारा 35(क-ङ) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेजराज पटेल और हमराह स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के कबाड़ सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।




