रायगढ़

रील का ‘टशन’ पड़ा भारी : पिस्टलनुमा लाइटर लहराकर बनाई थी रील, खरसिया पुलिस ने पहुंचाया हवालात…

रायगढ़: सोशल मीडिया पर ‘भौकाल’ जमाने और चंद लाइक्स-व्यूज के चक्कर में कानून को चुनौती देना एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम रील में पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लहराकर सनसनी फैलाने वाले युवक को खरसिया पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल का रास्ता दिखा दिया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने रील के नाम पर दहशतगर्दी का दिखावा करने वालों को कड़ा संदेश दिया है।

हथियारनुमा लाइटर के साथ बनाई थी रील – मामला खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम छोटेमुडपार का है। 22 वर्षीय खेम सिंह रौतिया (पिता गणेश राम) ने 28 अगस्त को बाइक चलाते हुए हाथ में पिस्टलनुमा लाइटर लहराकर रील बनाई और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश फैल गया।

एसडीओपी के निर्देश पर एक्शन में आई पुलिस – मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने तुरंत तस्दीक कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, प्रधान आरक्षक खीरेन्द्र जलतरे और आरक्षक विशोप सिंह की टीम ने आरोपी को तलब किया।

थाने में अकड़ दिखाना भी पड़ा महंगा – पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने युवक को समझाया कि हथियारों जैसी वस्तु का प्रदर्शन समाज में भय फैलाता है, तब आरोपी मोहल्ले वालों द्वारा शिकायत किए जाने की बात पर तैश में आकर उतावलापन दिखाने लगा। पुलिस ने युवक का सारा सुरूर उतारते हुए उसे धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 170, 126 और 135(3) BNSS के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई।

रायगढ़ पुलिस की दो टूक चेतावनी – रायगढ़ पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों या वैसी दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन कर भय फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। रील के नाम पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की साइबर टीम लगातार नजर रख रही है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!