बालोद पुलिस की बड़ी कामयाबी : दुर्ग जेल से छूटते ही फिर वाहन चोरी करने वाला अंतरजिला शातिर चोर गिरफ्तार, 3 गाड़ियां बरामद

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। दुर्ग जेल से रिहा होने के तुरंत बाद बेखौफ होकर अंतरजिला स्तर पर वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आदतन अपराधी को बालोद पुलिस ने धर दबोचा है। बालोद पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण (भा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन में सायबर सेल, थाना अर्जुन्दा और थाना गुण्डरदेही की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अंतरजिला चोर को दबोचने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई 2 मोटरसाइकिलें और 1 एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी इतना बेखौफ था कि जेल से छूटने के महज कुछ ही घंटों के भीतर उसने तीन अलग-अलग स्थानों से वाहनों पर हाथ साफ कर दिया था।

वारदात का घटनाक्रम और दर्ज मामले
पहला मामला 24 अगस्त 2026 का है, जब अर्जुन्दा क्षेत्र में रहने वाले प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 07 बीपी 7301) को आधी रात को किसी अज्ञात चोर ने पार कर दिया है। प्रार्थी की तहरीर के आधार पर थाना अर्जुन्दा में अपराध क्रमांक 135/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई।
इसी प्रकार, दूसरा मामला भी उसी दिन यानी 24 अगस्त 2026 को सामने आया। बालोद न्यायालय परिसर के पास से अज्ञात चोर ने प्रार्थी की पैशन-प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 24 एफ 5368) उड़ा ली। इस घटना की रिपोर्ट पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 445/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस का जाल और आरोपी की गिरफ्तारी
जिले में अचानक हुई वाहन चोरी की इन घटनाओं को पुलिस प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के दिशा-निर्देशों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू व एसडीओपी गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के सीधे पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के गहन विश्लेषण से एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई। सुराग मिलते ही सायबर सेल और स्थानीय थानों की टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम उमेश यादव उर्फ सन्नाटा (उम्र 40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 56, एसटीएफ बघेरा, हाई स्कूल के पास, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग बताया।

जेल से निकलते ही फिर शुरू किया चोरी का दौर
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उससे अधिकारी भी हैरान रह गए। आरोपी उमेश यादव ने स्वीकार किया कि वह 20 अगस्त 2026 को ही मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में दुर्ग जेल से रिहा हुआ था। जेल से छूटने के बाद उसने सुधार की जगह दोबारा अपराध का रास्ता चुना। बीते 23 और 24 अगस्त की मध्य रात्रि उसने सबसे पहले अर्जुन्दा शहर में एक मकान के बाहर खड़ी बजाज मोटरसाइकिल चुराई। इसके बाद 24 अगस्त को वह बालोद पहुँचा और जिला न्यायालय परिसर के बाहर से पैशन प्रो बाइक पार कर दी। इसके बाद उसकी नीयत यहीं नहीं रुकी; वह धमतरी जिले के कुरूद पहुँचा और वहाँ से 1 एक्टिवा स्कूटी चोरी कर ली। जब वह चोरी की एक्टिवा लेकर अर्जुन्दा क्षेत्र स्थित अपने ससुराल जाने की फिराक में था, तभी मुस्तैद बालोद पुलिस ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा।

बरामदगी और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई तीनों गाड़ियां (2 मोटरसाइकिलें एवं 1 एक्टिवा स्कूटी) जप्त कर ली हैं।
आरोपी उमेश यादव उर्फ सन्नाटा एक शातिर और आदतन वाहन चोर है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न जिलों के थानों में कई मामले दर्ज हैं।
थाना बसंतपुर (जिला राजनांदगांव) : अपराध क्रमांक 38/2018, धारा 379 भादवि
थाना सिटी कोतवाली दुर्ग (जिला दुर्ग) : अपराध क्रमांक 438/2019, धारा 379 भादवि
थाना सिटी कोतवाली दुर्ग (जिला दुर्ग) : अपराध क्रमांक 444/2019, धारा 379 भादवि
थाना सिटी कोतवाली दुर्ग (जिला दुर्ग) : अपराध क्रमांक 504/2019, धारा 379 भादवि
थाना रनचिरई (जिला बालोद) : अपराध क्रमांक 111/2023, धारा 379 भादवि
थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव (जिला राजनांदगांव) : अपराध क्रमांक 408/2023, धारा 379 भादवि
थाना बालोद (जिला बालोद) : अपराध क्रमांक 04/2024, धारा 379 भादवि
थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव (जिला राजनांदगांव) : अपराध क्रमांक 622/2025, धारा 303(2) बीएनएस
इस संपूर्ण कार्रवाई में आरोपी को पकड़ने, मामले का खुलासा करने और जप्त माल बरामद करने में थाना अर्जुन्दा, थाना गुण्डरदेही और सायबर सेल टीम बालोद के अधिकारियों व कर्मचारियों की अत्यंत महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही।




