डौण्डी के पास दिल दहला देने वाला हादसा : कार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुआ माइंस का ट्रक, बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद/डौण्डी। जिले के डौण्डी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है, जहां माइंस से लौह अयस्क (आयरन ओर) भरकर ले जा रहे एक 14 चक्का बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना कॉलेज के पास उस वक्त घटी, जब औरटोला निवासी दुलार बाई अपने खेत के काम के सिलसिले में पैदल जा रही थीं। सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में माइंस ट्रक चालक ने अपने वाहन पर से संतुलन खो दिया और बेकाबू होकर सड़क किनारे चल रही महिला को कुचल दिया। इस भयावह टक्कर से महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विपरीत दिशा से आ रही कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ 14 चक्का ट्रक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच दुलार बाई कृषि कार्य निपटाने हेतु पैदल अपने खेतों की ओर बढ़ रही थीं। इसी दौरान दल्ली राजहरा की दिशा में तीव्र गति से जा रहा लौह अयस्क से लदा 14 चक्का ट्रक (क्रमांक सीजी 05 ए 6422) कॉलेज के समीप पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रही एक कार को भिड़ंत से बचाने की कोशिश में ट्रक चालक का नियंत्रण अचानक वाहन से छूट गया। अनियंत्रित हुआ भारी-भरकम ट्रक सड़क किनारे चल रही निहत्थी महिला के ऊपर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डौण्डी थाना पुलिस की टीम अविलंब मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतका के शव का पंचनामा तैयार किया तथा उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




