नए पुलिस कप्तान की ताबड़तोड़ कार्रवाई : दल्ली राजहरा में अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा, स्थानीय लोगों ने जताई खुशी

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले की कमान संभालते ही नए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के सख्त तेवरों से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। क्षेत्र में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में दल्ली राजहरा क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ और सट्टे के नेटवर्क पर की गई त्वरित व कड़ी कार्यवाही से नागरिकों ने राहत की सांस ली है और पुलिस महकमे के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।

नगर पालिका दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 4 के भाजपा पार्षद संजीव सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नवागत एसपी के निर्देशों के बाद से ही पूरे क्षेत्र में अवैध कारोबारों पर नकेल कसने के लिए विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। लंबे समय से स्थानीय निवासी और विभिन्न सामाजिक संगठन क्षेत्र को नशा व अपराध मुक्त बनाने की मांग कर रहे थे। नए पुलिस कप्तान ने इस जनभावना को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर तत्काल एक्शन लिया।
पुलिस की इस तत्परता से दल्ली राजहरा की जनता में बेहद उत्साह और संतोष का माहौल है। आम नागरिकों का मानना है कि इस तरह की निरंतर और ठोस प्रशासनिक कार्रवाई से न केवल क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का वातावरण निर्मित होगा, बल्कि नई पीढ़ी भी नशे की गर्त में जाने से सुरक्षित रहेगी।
पार्षद संजीव सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि गैर-कानूनी कामों में संलिप्त किसी भी अपराधी या असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आने वाले दिनों में भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने नए एसपी किरण गंगाराम चव्हाण और उनकी पूरी टीम को इस उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके मार्गदर्शन में बालोद जिला जल्द ही पूरी तरह नशा और अपराध मुक्त बनेगा।




