ऑपरेशन आघात : रायगढ़ पुलिस का ‘हल्ला बोल’, 3 थानों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध ताड़ी व शराब जब्त…

रायगढ़। नशामुक्त समाज और अवैध कारोबारियों की कमर तोड़ने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 48 घंटों के भीतर रायगढ़ पुलिस ने चक्रधरनगर, पूंजीपथरा और लैलूंगा थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और ताड़ी का जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 4 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है।
चक्रधरनगर में तेलंगाना का आरोपी 40 लीटर ताड़ी के साथ दबोचा गया : पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टारपाली में एक किराए के मकान के पास ताड़ी बेची जा रही है। टीम ने घेराबंदी कर फरवतालू कनकटी (52 वर्ष), जो मूलतः तेलंगाना का निवासी है, को गिरफ्तार किया। उसके पास से 40 लीटर ताड़ी (छिंद रस) बरामद हुई है।
पूंजीपथरा में जंगल में ग्राहक का इंतजार कर रहा तस्कर गिरफ्तार : पुलिस ने बंजारी मंदिर के पास जंगल क्षेत्र में दबिश दी। यहाँ श्याम उर्फ शुभ्रम कसेर (27 वर्ष) को 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। आरोपी मुख्य मार्ग के किनारे ग्राहकों की तलाश में था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
लैलूंगा में दो अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस की रेड : लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम पोतरा में पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाइयां कीं:
- सहदेव पहाड़ी कोरवा (62 वर्ष): इसके कब्जे से 7 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई।
- दिपेश कुमार चक्रवर्ती (25 वर्ष): इसके पास से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
एसएसपी की दो टूक : “जीरो टॉलरेंस” की नीति : इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा :
“नशे के अवैध कारोबार पर हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। ‘ऑपरेशन आघात’ के जरिए हम हर उस ठिकाने तक पहुँचेंगे जहाँ अनैतिक गतिविधियां हो रही हैं। जनता से अपील है कि वे पुलिस के कान और आँख बनें, सूचना दें—कार्रवाई हम सुनिश्चित करेंगे।”
पुलिस की इस सक्रियता से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




