तमनार में ‘अफीम’ का साम्राज्य : ससुराल की जमीन पर दामाद उगा रहा था ‘काला जहर’, पुलिस का बड़ा एक्शन…

रायगढ़। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे ‘ऑपरेशन आघात’ ने अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी हासिल की है। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए लगभग एक एकड़ में लहलहा रही अफीम की अवैध खेती को नेस्तनाबूद कर दिया है। पुलिस ने मौके से 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये मूल्य के अफीम के पौधे और तैयार मादक पदार्थ जब्त किया है।

आधी रात को घेराबंदी, नदी किनारे मिला ‘काला सोना’ : 19-20 मार्च की दरमियानी रात तमनार पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आमाघाट में भेर नाला के पास चोरी-छिपे अफीम उगाई जा रही है। खबर मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह ने ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) को सक्रिय किया। आधी रात को ही तमनार, पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
आंकड़ों में पुलिसिया प्रहार :
- कुल जब्त मशरूका : ₹2,05,10,000 (दो करोड़ पांच लाख दस हजार)
- अफीम के पौधे : 60,326 नग (वजन: 2,877 किलोग्राम)
- तैयार अफीम : 3.02 किलोग्राम (कीमत ₹15.10 लाख)
- आरोपी : मार्शल संगा (गिरफ्तार), इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा (फरार)
झारखंड से जुड़ा नेटवर्क, ससुराल में बनाया ठिकाना : पकड़ा गया मुख्य आरोपी मार्शल संगा मूल रूप से खूंटी (झारखंड) का रहने वाला है। उसने अपने ससुराल आमाघाट को ढाल बनाया और झारखंड से अपने साथियों को बुलाकर करीब एक एकड़ निजी व सरकारी जमीन पर अफीम की फसल उगा दी। रेड के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
5 खसरों में फैला था अवैध कारोबार : राजस्व विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि यह खेती 5 अलग-अलग खसरा नंबरों (निजी और केलो परियोजना की भूमि) पर की जा रही थी। एफएसएल और कृषि विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पुष्टि की कि लहलहा रहे पौधे उच्च गुणवत्ता वाली अफीम के ही हैं।
एसएसपी का कड़ा संदेश : “बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी” – मौके पर स्वयं पहुंचकर कार्रवाई की कमान संभालने वाले एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कर दिया है कि रायगढ़ की धरती पर नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा:
“ऑपरेशन आघात का उद्देश्य जिले को नशा मुक्त बनाना है। अफीम की खेती हो या तस्करी, हर अपराधी पुलिस की रडार पर है। फरार आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
तमनार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस नशे की खेप को कहां खपाने की तैयारी थी।




