बड़ी खबर : सेजेस स्कूलों में प्रभारी प्राचार्यों की होगी घर वापसी, शिक्षा विभाग का कड़ा आदेश जारी!…

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों (SAGES) में लंबे समय से प्रभारी प्राचार्य के रूप में जमे व्याख्याताओं के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए इन प्रभारियों को उनके मूल पद (व्याख्याता) पर वापस भेजने और उनकी नई पदस्थापना के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।

संचालक ऋतुराज रघुवंशी द्वारा जारी इस आदेश के बाद अब प्रदेश के शिक्षा जगत में खलबली मच गई है।
क्यों लिया गया यह फैसला? – आदेश के मुताबिक, सेजेस स्कूलों में अब ‘पूर्णकालिक प्राचार्यों’ की नियुक्ति की जा रही है। ऐसे में जो व्याख्याता अब तक ‘प्रभारी प्राचार्य’ का कामकाज देख रहे थे, उन्हें अब कार्यमुक्त कर अन्य रिक्त पदों पर भेजा जाएगा।
पदस्थापना के लिए 3 बड़े नियम (प्राथमिकता के आधार पर) :
- पहली प्राथमिकता : यदि प्रभारी प्राचार्य जिस संस्था में वर्तमान में पदस्थ है, वहीं उनके विषय (व्याख्याता पद) का स्थान रिक्त है, तो उनकी सहमति लेकर उन्हें उसी स्कूल में पदस्थ किया जाए।
- दूसरी प्राथमिकता : यदि वर्तमान स्कूल में पद खाली नहीं है, तो उनके ‘मूल पदस्थापना वाले स्कूल’ (जहाँ से वे आए थे) में रिक्ति की जानकारी ली जाए और वहाँ भेजा जाए।
- तीसरी प्राथमिकता : यदि मूल स्कूल में भी जगह नहीं है, तो जिले के किसी भी अन्य विद्यालय में जहाँ उनके विषय का पद खाली हो, वहाँ भेजने का प्रस्ताव तत्काल भेजा जाए।
“सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना देरी किए इन व्याख्याताओं के समायोजन का प्रस्ताव संचालनालय को उपलब्ध कराएं। इस आदेश से साफ है कि विभाग अब प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के मूड में है।”



