जशपुर

जशपुर में काल बनी ‘अनमोल’ बस : निर्माणाधीन मकान में घुसकर पलटी, 9 की मौत, मची चीख-पुकार…

जशपुर। जिले से शुक्रवार की सुबह एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। झारखंड से कुनकुरी आ रही यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई। इस भीषण हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों यात्री जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

रफ्तार का कहर : देखते ही देखते बिछ गई लाशें – जानकारी के अनुसार, ‘अनमोल’ नाम की यह बस शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे झारखंड के कुरडेग से सवारियों को लेकर कुनकुरी के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 10 बजे, कुनकुरी से महज 14 किलोमीटर दूर हल्दीमुंडा (गोड़अंबा) के पास बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा।

​बस सीधे एक निर्माणाधीन मकान की दीवार को तोड़ते हुए भीतर जा घुसी और पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 5 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान 4 अन्य की भी मृत्यु हो गई।

हादसे का मंजर: मलबे और लोहे के बीच दबी चीखें  – घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद वहां का नजारा रूह कंपा देने वाला था। बस के नीचे दबे यात्री मदद के लिए चिल्ला रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी लाल उम्मेद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

  • मृतकों की संख्या : 9 (खबर लिखे जाने तक)
  • घायल : दर्जन भर से अधिक गंभीर, कई अन्य को मामूली चोटें।
  • अस्पताल : कुनकुरी और जशपुर जिला अस्पताल में घायलों का उपचार जारी।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, प्रशासन को दिए सख्त निर्देश : प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे ‘हृदय विदारक’ बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

“जशपुर के दुलदुला में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।” – विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!