रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ : जूटमिल में नशे के सौदागरों पर सर्जिकल स्ट्राइक, किशोरों को इंजेक्शन बेचने वाले दो गिरफ्तार…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार और नई पीढ़ी को खोखला कर रहे नशीले इंजेक्शनों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जूटमिल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने कायाघाट क्षेत्र में दबिश देकर दो ऐसे शातिर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो नाबालिग किशोरों को घातक नशीले इंजेक्शन बेचकर उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रहे थे।
मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी : जानकारी के मुताबिक, एसएसपी शशि मोहन सिंह को सूचना मिली थी कि जूटमिल के कायाघाट इलाके में कुछ लोग नाबालिग बच्चों को नशीले इंजेक्शन उपलब्ध करा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) मयंक मिश्रा और एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने कायाघाट बाबाकुटी और चौपाटी तिराहा के पास दो अलग-अलग ठिकानों पर रेड मारी।
पुलिस को देख नाबालिगों में मची भगदड़, आरोपी दबोचे गए : पुलिस की टीम जैसे ही मौके पर पहुँची, वहाँ नशे का इंजेक्शन लेने आए 3-4 नाबालिग बालक पुलिस को देखकर भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।
- पहली गिरफ्तारी : कायाघाट बाबाकुटी के पास से रवि गुप्ता (42 वर्ष) को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से अखबार में लिपटे 10 नग ‘ब्यूट्रम’ (Butorphanol Tartrate) इंजेक्शन और बिक्री की नकदी बरामद हुई। आरोपी ने कबूल किया कि वह प्रति एम्पुल 200 रुपये में इंजेक्शन बेचता था।
- दूसरी गिरफ्तारी : कायाघाट चौपाटी के पास से सुरेश वर्मा (27 वर्ष) को पकड़ा गया। इसके पास से 12 नग नशीले इंजेक्शन मिले। पूछताछ में आरोपी सुरेश ने खुलासा किया कि वह यह खेप पड़ोसी राज्य उड़ीसा के झारसुगुड़ा से खरीदकर लाता था और रायगढ़ के किशोरों को 150-150 रुपये में बेचता था।
सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज : पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 66/2025 एवं 67/2025 दर्ज किया गया है। पुलिस ने इनके विरुद्ध किशोर न्याय (JJ) अधिनियम की धारा 77 के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 275 और 286 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
SSP का कड़ा संदेश: “नशीली दवाओं के माध्यम से हमारे बच्चों और किशोरों को अंधेरे में धकेलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ‘ऑपरेशन आघात’ का उद्देश्य जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाना है। आम जनता से अपील है कि वे ऐसे अपराधियों की सूचना निडर होकर पुलिस को दें।” – शशि मोहन सिंह, SSP रायगढ़
टीम की सराहनीय भूमिका : इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक प्रशांत राव, एएसआई भागीरथी चौधरी, नरसिंह नाथ यादव, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, आरक्षक शिवकुमार वर्मा, नरेश रजक और महिला आरक्षक देवकुमारी भारते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बरामदगी एक नजर में :
- नशीले इंजेक्शन : 22 नग (Butorphanol Tartrate USP 2mg)
- नकद राशि : 500 रुपये (बिक्री की रकम)
- आरोपी : 02 (रवि गुप्ता एवं सुरेश वर्मा)




