अंबिकापुर

खौफनाक वारदात : बेल्ट से गला घोंटकर स्कार्पियो लूटने वाला एमपी का शातिर बदमाश गिरफ्तार…

  • अम्बिकापुर पुलिस की बड़ी सफलता : मैनपाट से लौटते वक्त रची गई थी साज़िश, 15 लाख की गाड़ी बरामद…

अम्बिकापुर (सरगुजा): सरगुजा पुलिस ने एक सनसनीखेज लूट कांड का पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में मैनपाट घूमने के बहाने स्कार्पियो बुक की और रास्ते में चालक का गला घोंटकर गाड़ी लूट ली थी।

उल्टी का बहाना और जानलेवा हमला : ​घटना 10 फरवरी की है, जब केदारपुर निवासी अंकित सिन्हा अपनी स्कार्पियो (CG 15 CJ 5333) लेकर चार सवारी को मैनपाट घुमाने ले गया था। शाम को वापसी के दौरान आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

  • झांसा : सामने बैठे युवक ने ‘उल्टी आने’ का नाटक कर गाड़ी रुकवाई।
  • हमला : गाड़ी रुकते ही पीछे बैठे युवक ने अंकित के गले में बेल्ट फंसाकर उसे जान से मारने की कोशिश की।
  • बचाव : चालक अंकित ने बहादुरी दिखाते हुए बेल्ट से गला छुड़ाया और चलती गाड़ी से कूदकर गड्ढे में छिपकर अपनी जान बचाई।

घेराबंदी देख गाड़ी छोड़ भागे थे लुटेरे : ​वारदात के बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में साइबर सेल और दरिमा पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस की तगड़ी नाकेबंदी देख आरोपी घबरा गए और 15 लाख रुपये की लूटी हुई स्कार्पियो को कटघोरा में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए थे।

एमपी का आरोपी सलाखों के पीछे : ​साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने अंततः मुख्य आरोपी गोविन्द पटेल (21 वर्ष), निवासी अमलाई, जिला अनूपपुर (म.प्र.) को धर दबोचा। प्रार्थी ने आरोपी की शिनाख्त कर ली है और आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस टीम की कार्रवाई : इस सफल अभियान में दरिमा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलखो, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीवत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।

“मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।” – पुलिस प्रशासन, सरगुजा

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!