रायगढ़

खूनी उधार : ₹3000 के पीछे पड़ोसी बने हैवान, ब्लेड से रेता शरीर; पति-पत्नी सलाखों के पीछे…

रायगढ़ | उधारी के चंद रुपयों ने पड़ोसियों के रिश्तों में ऐसी कड़वाहट घोली कि बात खून-खराबे तक जा पहुंची। थाना पुसौर क्षेत्र के सारथी मोहल्ला में ₹3000 वापस मांगने पर एक दंपति ने अपने ही पड़ोसियों पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

वारदात की जड़: उधारी और गाली-गलौज : ​घटना की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित विक्रम सारथी की भाभी ने करीब 4-5 महीने पहले पड़ोसी दीपा सारथी को ₹3000 उधार दिए थे। जब इस रकम की वापसी मांगी गई, तो दीपा और उसके पति दिलीप सारथी ने इसे अपनी शान के खिलाफ समझा। विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज मारपीट में तब्दील हो गई।

शेविंग ब्लेड से किया घातक प्रहार : ​बीच-बचाव करने आए विक्रम और उसकी चाची गुरबारी सारथी पर दीपा सारथी ने घर में रखे शेविंग ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए। शुरुआती जांच के बाद जब मेडिकल रिपोर्ट आई, तो डॉक्टर ने ‘धारदार हथियार’ से चोट की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस ने मामले में गैर-जमानतीय धारा 118(1) BNS जोड़कर आरोपियों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

आदतन अपराधी है आरोपी दिलीप : ​पकड़ा गया आरोपी दिलीप सारथी कोई सीधा-साधा व्यक्ति नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पुसौर थाने का लिस्टेड अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी सड़क दुर्घटना और आबकारी अधिनियम के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह इलाके में लगातार शांति भंग करने की गतिविधियों में शामिल रहा है।

“कानून हाथ में लेने वालों की खैर नहीं”

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आपसी विवाद को हिंसा में बदलने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि समाज की शांति भंग करने वालों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जाएगी।

पुलिस की कार्रवाई एक नजर में :

  • आरोपी : दिलीप सारथी (40) एवं दीपा सारथी (37)।
  • जब्ती : वारदात में इस्तेमाल किया गया पुराना शेविंग ब्लेड।
  • प्रमुख धाराएं : 296, 351(2), 115(2), 3(5) और 118(1) BNS।
  • टीम नेतृत्व : निरीक्षक रामकिंकर यादव (थाना प्रभारी, पुसौर)।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!