रायगढ़ पुलिस का ‘सुरक्षा कवच’ : स्कूलों से लेकर गांवों तक महिलाओं को किया जा रहा जागरूक…

रायगढ़। जिले में महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान छेड़ा गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस की टीमें अब गलियों और स्कूलों तक पहुँचकर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बना रही हैं।
इसी कड़ी में आज स्वामी आत्मानंद स्कूल (चक्रधरनगर) और ग्राम बिरसिंघा (लैलूंगा) में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहाँ पुलिस ने साइबर ठगों से बचने और आत्मरक्षा के गुर सिखाए।
साइबर ठगों की खैर नहीं : छात्राओं को सिखाए सुरक्षा के मंत्र – स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और साइबर सेल की टीम ने छात्राओं को सोशल मीडिया के ‘मायाजाल’ और सुरक्षित उपयोग की बारीकियां समझाईं।
- ऑनलाइन फ्रॉड : टीम ने बताया कि कैसे एक अनजान लिंक आपकी मेहनत की कमाई उड़ा सकता है।
- सोशल मीडिया सुरक्षा : छात्राओं को अपनी प्रोफाइल लॉक रखने और अनजान लोगों से दोस्ती न करने की सलाह दी गई।
- आपातकालीन सहायता : संकट के समय पुलिस से तुरंत संपर्क करने के तरीके और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
बिरसिंघा में गूंजा जागरूकता का स्वर : शराबबंदी की सराहना – लैलूंगा के ग्राम बिरसिंघा में थाना प्रभारी गिरधारी साव ने महिलाओं के बीच पहुंचकर घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और छेड़छाड़ जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की।
”समाज में सकारात्मक बदलाव की धुरी महिलाएं हैं। लैलूंगा क्षेत्र में शराबबंदी को लेकर महिलाओं का साहस काबिले तारीफ है।”
उप निरीक्षक गिरधारी साव
सड़क सुरक्षा और मानव तस्करी पर प्रहार : जागरूकता कार्यक्रम में केवल महिला सुरक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन बचाने के अन्य पहलुओं पर भी जोर दिया गया :
- सड़क सुरक्षा : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने के खतरों से आगाह किया गया।
- मानव तस्करी : अनजान लोगों के प्रलोभन में न आने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
उपस्थिति : कार्यक्रम में महिला थाना की एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह, प्रमिला महंत, रेणु सिंह और माधुरी राठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




