
फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। लंबे समय से प्रशासनिक अधिकारी की कमी झेल रहे लौह अयस्क नगरी दल्ली राजहरा के नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। शहर को अब पूर्णकालिक तहसीलदार मिल गया है। नवनियुक्त तहसीलदार मोहित अमिला ने विधिवत रूप से दल्ली राजहरा तहसील कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया है। उनकी इस पदस्थापना के साथ ही क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही प्रभारी व्यवस्था समाप्त हो गई है, जिससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और किसानों में हर्ष का माहौल है।
गौरतलब है कि विगत कई महीनों से दल्ली राजहरा तहसील का समूचा कामकाज प्रभारी अधिकारी के भरोसे संचालित हो रहा था। अतिरिक्त प्रभार होने के कारण संबंधित अधिकारी इस क्षेत्र को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे। परिणामस्वरूप नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय-जाति निवास प्रमाण पत्र और अन्य महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरणों का निराकरण समय पर नहीं हो पा रहा था। आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने पड़ते थे। इस गंभीर समस्या को देखते हुए नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने कई बार जिला कलेक्टर तथा संभाग आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर स्थायी तहसीलदार नियुक्त करने की मांग की थी। जनभावनाओं और शहर की प्रशासनिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा मोहित अमिला को यहां का पूर्णकालिक दायित्व सौंपा गया है।

लगभग 65 हजार से अधिक की आबादी वाला दल्ली राजहरा शहर औद्योगिक और व्यापारिक दृष्टिकोण से जिले का अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है। लौह अयस्क खदानों और रेलवे क्षेत्र से घिरे होने के कारण यहां प्रतिदिन हजारों श्रमिकों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की आवाजाही बनी रहती है। इतनी बड़ी आबादी और व्यस्ततम औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद स्थायी तहसीलदार की अनुपस्थिति से प्रशासनिक नियंत्रण कमजोर पड़ रहा था।
प्रशासनिक दृष्टि से तहसीलदार का पद अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण होता है। वे न केवल भूमि और राजस्व से जुड़े विवादों का निराकरण करते हैं, बल्कि क्षेत्र में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के रूप में भी अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। दल्ली राजहरा एक संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र है, जहां खदानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, श्रमिक मांगों और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर अक्सर धरना, प्रदर्शन, हड़ताल और जुलूस आयोजित होते रहते हैं। इसके अतिरिक्त, साप्ताहिक बाजारों में ग्रामीणों की भारी भीड़, खदान क्षेत्र से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव और विभिन्न संगठनों द्वारा किए जाने वाले चक्काजाम व सड़क आंदोलनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक सक्षम कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की तत्काल मौजूदगी अनिवार्य होती है।
पूर्णकालिक तहसीलदार के रूप में मोहित अमिला के पदभार ग्रहण करने के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि न केवल लंबित राजस्व प्रकरणों के निपटारे में अभूतपूर्व गति आएगी, बल्कि शहर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी भी अधिक सुदृढ़ होगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि अब तहसील कार्यालय में आमजन की समस्याओं की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित हो सकेगी।




