गेमिंग व पूल क्लब की आड़ में हेरोइन का सौदा, बालोद में चार तस्कर दबोचे गए

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंजपारा क्षेत्र में एक पूल व गेमिंग केंद्र की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी और बिक्री किए जाने के मामले में संयुक्त पुलिस दल ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ, मोबाइल फोन एवं नशा सेवन से जुड़ी सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी बालोद विनय साहू के मार्गदर्शन में एएनटीएफ बालोद की टीम द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ निरंतर सख्त मुहिम चलाई जा रही है। इसी कड़ी में 19 नवंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि सागर अस्पताल के समीप गंजपारा बालोद में नावेद खान उर्फ चोको द्वारा पूल क्लब चलाया जा रहा है, जिसकी आड़ में प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) छुपाकर रखा जाता है और ग्राहकों को बेचा जाता है।

सूचना की पुष्टि होते ही थाना बालोद, एएनटीएफ बालोद और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी नावेद खान उर्फ चोको, पिता युसूफ खान, निवासी जवाहर पारा बालोद के पास से पारदर्शी पन्नी में रखा मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) मिला। परीक्षण व तौल करने पर बरामद सामग्री का वजन लगभग 7.00 ग्राम (शुद्ध वजन 5.81 ग्राम) पाया गया। इसके अलावा मौके से चिट्टा पीने में प्रयुक्त जले हुए सिल्वर कैप सहित 10 नग तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में नावेद खान उर्फ चोको ने स्वीकार किया कि वह शुभम लाड़ी निवासी भानुप्रतापपुर, गौतम बजाज एवं समर प्रताप सिंह निवासी बालोद को चिट्टा की बिक्री करता है और उनके साथ मिलकर इसका सेवन भी करता है।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 7.98 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,59,600 आंकी गई है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से आईफोन, मोटोरोला, रियलमी और वीवो कंपनी के कुल 04 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹2,09,600 बताई गई है।
इस प्रकरण में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 624/2026 तथा धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में –
- नावेद खान उर्फ चोको (उम्र 29 वर्ष), पिता युसूफ खान, निवासी वार्ड क्रमांक 07, जवाहर पारा, थाना एवं जिला बालोद
- गौतम बजाज (उम्र 24 वर्ष), पिता नरेश बजाज, निवासी वार्ड क्रमांक 16, शिकारी पारा, थाना एवं जिला बालोद
- समर प्रताप सिंह (उम्र 23 वर्ष), पिता कमलेश गौतम, निवासी वार्ड क्रमांक 20, बूढ़ा पारा, थाना एवं जिला बालोद
- शुभम सिंह उर्फ लाड़ी (उम्र 26 वर्ष), पिता महावीर सिंह, निवासी आंगनबाड़ी के पास, कन्हारगांव, भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी उनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर मरकाम, विवेक साहू, आरक्षक भोपसिंह साहू, संदीप यादव, राहुल मनहरे, आकाश दुबे, पूरन देवांगन, आकाश सोनी, आरक्षक खिलेश नेताम, मनीष राजपूत, चुलेन्द्र कुर्रे, बनवाली साहू, भूपेश साहू, योगेश कुमार सिन्हा, रवि साहू, जितेन्द्र सिन्हा, मिथिलेश यादव और एएनटीएफ बालोद टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही। बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।




