गेमिंग सेंटर की आड़ में हेरोइन बिक्री का शक, बालोद पुलिस की बड़ी दबिश

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। शहर के गंजपारा क्षेत्र में एक गेमिंग सेंटर की आड़ में कथित रूप से चिट्टा (हेरोइन) बेचने का धंधा चलने की भनक लगते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। गुरुवार को दिन में करीब दो बजे पुलिस टीम ने अचानक इस ठिकाने पर धावा बोला और देर रात तक सघन छानबीन करती रही। प्रारंभिक तौर पर यहां से एक लाख रुपये से अधिक मूल्य का मादक पदार्थ मिलने की चर्चा है, लेकिन बरामद नशे की सटीक मात्रा और उसकी आधिकारिक पुष्टि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी तलब किया गया, जिसने भीतर बारीकी से जांच करते हुए अहम सबूत इकट्ठा किए। वरिष्ठ पुलिस अफसरों की देखरेख में पूरे परिसर की तलाशी ली गई और सेंटर के संचालक से गहन पूछताछ की गई। इस अभियान में एएसपी चंद्रकांत गवर्ना, एसडीओपी विनय कुमार साहू, कोतवाली टीआई शिशुपाल सिन्हा तथा साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य समेत पुलिस व फॉरेंसिक अमले के अन्य सदस्य सक्रिय रहे।

गेमिंग सेंटर पर हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे शहर में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी। रत्न फटाका दुकान के नजदीक स्थित पुल पॉइंट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां संदिग्ध व्यक्तियों और आवाजाही पर पैनी नजर रखी गई। इससे आसपास के इलाकों में खासी चहल-पहल रही। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि पुल पॉइंट पर की गई जांच का इस गेमिंग सेंटर वाली कार्रवाई से सीधा जुड़ाव है या नहीं।
जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान कोई पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। इससे पहले 28 अक्टूबर को भी नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी एक टाटा हेक्सा गाड़ी से लगभग 6.40 ग्राम हेरोइन और एक देशी पिस्टल पकड़ी गई थी। उस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामान मिलाकर करीब 11.83 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
फिलहाल गंजपारा मामले में बालोद पुलिस की पड़ताल जारी है। जांच के पूर्ण होने पर ही जब्त मादक पदार्थ का सही वजन, संलिप्त लोगों की संलिप्तता और इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों से जुड़े बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




